Urdu Conclave 2026

रिश्तों के टकराव की कहानी ‘कवन कसूर’ का ट्रेलर लॉन्च, भोजपुरी सिनेमा में राधेश्याम राय ने जोड़ा नया आयाम

Bhojpuri Film Kawan Kasoor Trailer: दमदार कहानी वाली फिल्म ‘कवन कसूर’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है. इसे भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के डायरेक्टर एवं ग्रुप मैनेजिंग एडिटर राधेश्याम राय और शिवराज सिंह ने लिखा है. ट्रेलर से साफ है कि फिल्म भोजपुरी सिनेमा में धमाका मचाने वाली है.

Bhojpuri Film Kawan Kasoor Trailer

'कवन कसूर' का ट्रेलर लॉन्च

Bhojpuri Film Kawan Kasoor Trailer: भोजपुरी सिनेमा के सुनहरे दौर की माटी की सौंधी खुशबू लिए आज के जमाने में रची-बसी फिल्म ‘कवन कसूर’ का धमाकेदार ट्रेलर वाराणसी से रिलीज हो गया है. यह कहानी प्रेम, त्याग, सामाजिक जिम्मेदारी के जटिल डोर में उलझे एक नौजवान की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमेगी. इस भोजपुरी फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसे बनारस में रचे बसे मशहूर लेखक और निर्देशक राधेश्याम राय लेकर आ रहे हैं. बनारस की गलियों में पला-बढ़ा बेटा, अब उसी मिट्टी की महक को परदे पर लेकर आया है. इसमें परिवार, प्यार और परंपरा के टकराव की एक ऐसी दास्तां दिखाई जाएगी जो हर किसी के दिल को छूने वाली है. सबसे खास बात ये है कि ये फिल्म भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क की प्रस्तुति है.

नए दौर में कदम

‘कवन कसूर’ के ट्रेलर को देखकर ऐसा लगता है जैसे भोजपुरी सिनेमा एक नए दौर में कदम रख रहा है. जहां कहानी में मॉडर्न जमाने की उलझनें हैं तो साथ में वही पुरानी परंपराएं और संस्कार भी नजर आते हैं. भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के डायरेक्टर एवं ग्रुप मैनेजिंग एडिटर राधेश्याम राय समेत पूरी टीम के साथ कलाकारों ने कमाल कर दिया है. राज सिंह, गुंजन पंत और सोनालिका के साथ-साथ सुशील सिंह और धीरज पंडित जैसे मंझे हुए कलाकारों का अभिनय इस कहानी को और अधिक जीवंत बना रहा है.

फिल्म की खास बातें

फिल्म का निर्देशन बनारस के क्वींस कॉलेज के पूर्व छात्र राधेश्याम राय और शिवराज सिंह ने संयुक्त रूप से किया है. निर्माण की बागडोर रुद्र तिवारी, रजत तिवारी और वंदना राय ने संभाली है. गीतों को शब्दों में पी. केसरी ने ढाला है. वहीं संगीत हर्षराज हर्ष ने दिया है. फिल्म की सिनेमाटोग्राफी का कार्यभार अशोक सरोज ने संभाला है. ‘कवन कसूर’ के मुख्य कलाकार राज सिंह, गुंजन पंत, सोनालिका, सुशील सिंह, ललितेश झा, धीरज पंडित, नीलम पांडेय, नीलम सिंह एवं निरंजन चौबे हैं.

  • निर्देशन: राधेश्याम राय, डायरेक्टर एवं ग्रुप मैनेजिंग एडिटर, भारत एक्सप्रेस और शिवराज सिंह
  • निर्माण: रुद्र तिवारी, रजत तिवारी और वंदना राय
  • गीत: पी. केसरी, संगीत: हर्षराज हर्ष
  • मुख्य कलाकार: राज सिंह, गुंजन पंत, सोनालिका, सुशील सिंह अन्य चेहरे
  • भोजपुरी सिनेमा का नया आयाम

भोजपुरी सिनेमा का नया आयाम

‘कवन कसूर’ के शानदार ट्रेलर के लॉन्च के साथ ही ये साफ हो गया है कि राधेश्याम राय सिनेमा के उस पुराने दौर को लौटाने वाले हैं, जहां कहानियों में दम होता था, जहां हर किरदार दिल से जुड़ा हुआ लगता था. उन्होंने साबित कर दिया है कि दिल छू लेने वाली कहानियां आज भी भोजपुरी सिनेमा की आत्मा हैं.

प्रेम, त्याग और जिम्मेदारियों से जूझता नायक, जिसके जीवन के फैसले न केवल उसे, बल्कि दो परिवारों को भी बदल डालते हैं. ऐसी कहानी को राधेश्याम राय और शिवराज सिंह ने जिस नफासत से पर्दे पर रचा है. यह काबिले तारीफ है और पूरी उम्मीद है कि इससे भोजपुरी सिनेमा में नए आयाम जुड़ेंगे.

आपके सवाल का जवाब देगी ‘कवन कसूर’

भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क, जयंत मीडिया और बनारस टॉकीज के बैनर तले बनी यह फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी. अगर आप भोजपुरी सिनेमा में कहानियों की खूबसूरती से रूबरू होना चाहते हैं तो ‘कवन कसूर’ देखने के लिए जरूर जाएं. क्योंकि, सिनेमा जब जड़ से जुड़ता है, तब संवेदना बोलती है. ‘कवन कसूर’ ना केवल मनोरंजन करती है, बल्कि समाज के उन अनकहे सवालों को भी उठाती है जिसका जवाब हर दिल ढूंढ़ता है. इस कारण यह कहानी भी आपकी संवेदनाओं को आपके आंखों और लफ्जों तक लाने वाली है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read