Weather Update: दिल्ली में शनिवार को मानसूनी बारिश ने दिनभर जमकर कहर बरपाया. सुबह से शुरू हुई बूंदाबांदी धीरे-धीरे तेज बरसात में बदल गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की मुश्किलें बढ़ गईं.
रक्षाबंधन जैसे खुशियों भरे त्योहार की रौनक भी इस बारिश में कुछ फीकी पड़ गई, क्योंकि बाजारों और सड़कों पर भीड़ उम्मीद से कम नजर आई.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ताज़ा पूर्वानुमान में बताया है कि राजधानी में रविवार और सोमवार को भी आसमान से पानी बरसने का सिलसिला जारी रहेगा.
विभाग ने लोगों को घर से बाहर निकलने से पहले मौसम की अपडेट ज़रूर चेक करने की सलाह दी है, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.
तापमान और हवा में सुधार
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. लगातार हो रही बारिश ने न सिर्फ गर्मी से राहत दी है बल्कि हवा की गुणवत्ता में भी सुधार लाया है.
आज सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 125 दर्ज किया गया, जो पहले के मुकाबले बेहतर है. अलग-अलग इलाकों की बात करें तो पूसा में 77, शादीपुर में 88, पंजाबी बाग-शिवाजी पार्क में 94, नॉर्थ कैंपस के दिल्ली मिल्क स्कीम कॉलोनी में 88 और एफ मुंडका में 125 AQI दर्ज हुआ. बारिश की वजह से प्रदूषण के कण धुल गए हैं, जिससे हवा पहले से साफ महसूस हो रही है.
ये भी पढ़ें- नहीं बंद होगी लाडकी बहिन योजना…,आदिवासी दिवस के मौके पर अकोला में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने विपक्ष पर साधा निशाना
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली से सटे पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 12 अगस्त तक के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. देहरादून समेत लगभग सभी जिलों में तेज बरसात के आसार हैं.
पहाड़ी इलाकों में पहले से हो रही बारिश के चलते भूस्खलन और पानी भरने का खतरा बढ़ गया है, इसलिए स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.
उत्तर प्रदेश में भी तेज बरसात का दौर
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी आसमान खुलकर बरसने वाला है. आगरा, अलीगढ़, प्रयागराज, अयोध्या, आजमगढ़, बरेली, बस्ती, बिजनौर, बुलंदशहर, देवरिया, इटावा, फैजाबाद, गोरखपुर, हरदोई, हाथरस, जौनपुर और झांसी जैसे शहरों में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि यह बरसात का सिलसिला 12 अगस्त तक जारी रह सकता है.
Also Follow Bharat Express on Facebook
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



