भारत के शीर्ष पर्यटन नीति और रणनीति थिंक टैंक फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन इन टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी (FAITH), 12-13 अगस्त को होटल ताज पैलेस, नई दिल्ली में अपना राष्ट्रीय पर्यटन सम्मेलन आयोजित कर रहा है.
FAITH के सदस्यों में एसोसिएशन ऑफ डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ इंडिया (ATOAI), फेडरेशन ऑफ होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FHRAI), होटल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (HAI), इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) और इंडिया कन्वेंशन प्रमोशन ब्यूरो (ICPB) के अलावा अन्य इंडस्ट्री बॉडी शामिल हैं.
इंडस्ट्री बॉडी ने कहा कि सभी FAITH एसोसिएशन भारतीय पर्यटन के सतत विकास और देश की आर्थिक प्रगति में इसके योगदान के लिए प्रतिबद्ध हैं. FAITH ने 3 ट्रिलियन डॉलर की पर्यटन अर्थव्यवस्था के लिए अपना पर्यटन विजन 2047 रोडमैप शेयर किया. इस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए 10 करोड़ विदेशी और 200 करोड़ घरेलू यात्राओं का अनुमान है, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 20 करोड़ पर्यटन नौकरियां पैदा होंगी.
पर्यटन केवल एक उद्योग नहीं है, यह देशों की धड़कन है
FAITH ने कहा कि रोडमैप का लक्ष्य 2047 तक पर्यटन की जीडीपी हिस्सेदारी को दोगुना करके 10% करना है, जो सरकार के टारगेट से मेल खाती है.
FAITH के अध्यक्ष और IHCL के एमडी और सीईओ पुनीत चटवाल ने कहा, “पर्यटन केवल एक उद्योग नहीं है, यह देशों की धड़कन है, अर्थव्यवस्थाओं को गति देता है और संस्कृतियों को जोड़ता है. इसकी शक्ति इसके सौम्य प्रभाव में निहित है, चाहे वह व्यावसायिक, चिकित्सा या आध्यात्मिक पर्यटन के माध्यम से हो. किसी राष्ट्र की वैश्विक उपस्थिति को आकार देने की इसकी क्षमता में निहित है,” .
उन्होंने कहा, “चुनौतियों का सामना करने के बावजूद, भारत के पर्यटन सेक्टर ने अजेय भावना दिखाई है. इस सेक्टर में अन्य सेक्टरों की तुलना में अद्वितीय रोज़गार सृजन की शक्ति है, वैश्विक स्तर पर चार में से एक नई नौकरी टूरिज्म, एविएशन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से आती है.”
पर्यटन सेक्टर में रोजगार को बढ़ाकर 20 करोड़ करने का लक्ष्य
FAITH ने कहा कि लक्ष्य पर्यटन में रोज़गार को वर्तमान में लगभग 5 करोड़ से बढ़ाकर लगभग 20 करोड़ (प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों) करने का रोडमैप तैयार करना है. साथ ही भारत को विश्व आर्थिक मंच (WEF) के यात्रा और पर्यटन विकास सूचकांक की शीर्ष पांच पर्यटन रैंकिंग में स्थान दिलाना है.
बयान में कहा गया कि उद्देश्य पर्यटन से विदेशी मुद्रा आय को वर्तमान में लगभग 30 बिलियन डॉलर से बढ़ाकर लगभग 400 बिलियन डॉलर करना, और घरेलू पर्यटन यात्राओं को वर्तमान में लगभग दो बिलियन से बढ़ाकर 20 बिलियन करके पर्यटन को विकास के एक आवश्यक सामाजिक-आर्थिक इंजन के रूप में स्थापित करना है.
ये भी पढ़ें: PwC इंडिया का विजन 2030, पांच साल में तीन गुना राजस्व, 20 हजार नई नौकरियां
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


