Bharat Express DD Free Dish

UP में सेप्टिक टैंक बना ‘मौत का कुआं’! टैंक में उतरे 3 लोगों की जहरीली गैस से हुई मौत

Sitapur Incident: सीतापुर के सुकेठा में एक बच्चा टैंक में गिर गया. बच्चे को बचाने के चक्कर में दो लोग टैंक में उतरे और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन इसी दौरान दोनों जहरीली गैस की वजह से खुद बेहोश होकर सेप्टिक टैंक में डूबने लगे.

Sitapur Incident

Sitapur Incident: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सकरन थाना क्षेत्र के सुकेठा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ. गांव के एक घर के बाहर बने सेप्टिक टैंक में गिरे 10 वर्षीय बच्चे को बचाने के प्रयास में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि बच्चा और एक अन्य व्यक्ति का इलाज जारी है. इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुकेठा निवासी विवेक (10), पुत्र सोहन गुप्ता, सुबह करीब 10 बजे गांव के अनिल के घर के सामने बने टैंक में गिर गया. बच्चे को बचाने के लिए अनिल कुमार (40) तुरंत टैंक में उतर गए और विवेक को बाहर निकाल दिया. लेकिन, इस दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से वह खुद बेहोश होकर डूबने लगे.

एक व्यक्ति को बचाने में दो लोगों की मौत

इसके बाद, अनिल को बचाने के प्रयास में गांव के ही राजकुमार कुमार (45) और उसके बाद रंगी लाल (45) भी टैंक में उतरे. लेकिन, जहरीली गैस और दम घुटने की वजह से तीनों बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके.

ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को टैंक से बाहर निकाला गया. लेकिन, तब तक अनिल, राजकुमार और रंगीलाल की हालत गंभीर हो चुकी थी. स्थिति को देखते हुए तीनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडा ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. सुनील यादव ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में पारिवारिक विवाद ने ली 5 मासूम जानें, पिता ने बच्चों संग लगाई छलांग, मामला जान कांप जाएगी रूह

दो लोग हुए हैं घायल

इस हादसे में घायल दीपू और विवेक का इलाज जारी है. घटना की जानकारी मिलते ही सीओ लहरपुर नागेंद्र चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

उन्होंने बताया कि घर के बाहर बने सेप्टिक टैंक में उतरे चार लोग जहरीली गैस की चपेट में आ गए. तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. पुलिस मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

इस दर्दनाक हादसे से सुकेठा गांव में मातम पसर गया. परिवारों में कोहराम मचा हुआ है.

– आईएएनएस के इनपुट पर आधारित



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read