Nikki Murder Case: ग्रेटर नोएडा का चर्चित निक्की भाटी दहेज हत्याकांड लगातार नए मोड़ ले रहा है. हर दिन नए बयान और वीडियो क्लिप सामने आ रहे हैं. निक्की की बहन कंचन द्वारा बनाया गया एक वीडियो अब जांच का केंद्र बन गया है. वीडियो में झगड़े के दौरान एक आवाज सुनाई देती है – “बहन, तुने ये क्या कर लिया”. ये पांच शब्द पूरे मामले को शक के घेरे में ला रहे हैं. पुलिस अब इस आवाज की सच्चाई और संदर्भ जानने की कोशिश कर रही है.
निक्की का अस्पताल बयान
अस्पताल की शुरुआती रिपोर्ट में लिखा गया कि निक्की गैस सिलेंडर फटने से झुलसी है. अस्पताल ले जाने वाले विपिन के भाई देवेंद्र ने दावा किया कि निक्की बार-बार पानी मांग रही थी और घुटन की शिकायत कर रही थी. कहा तो यह भी जा रहा है कि निक्की ने खुद डॉक्टर को सिलेंडर फटने की बात बताई. अब पुलिस उस डॉक्टर का बयान दर्ज करेगी, जिसके सामने यह बातें कही गईं.
कमरे से मिला ज्वलनशील पदार्थ
जांच टीम को निक्की के कमरे से ज्वलनशील पदार्थ मिला है. इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. कई वीडियो क्लिप्स में निक्की, उसकी सास दया और पति विपिन के बीच झगड़े के हालात दिख रहे हैं. लेकिन कंचन वाला वीडियो पुलिस की जांच का सबसे अहम सबूत माना जा रहा है.
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अब तक दोनों परिवारों के करीब दर्जनभर बयान दर्ज कर चुकी है. सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. एक वीडियो में घटना से ठीक पहले विपिन घर के बाहर दिखा. साथ ही, पिछले साल आनंदपुर गांव की एक युवती द्वारा विपिन पर दर्ज कराए गए हमले के केस की भी फाइलें निकाली गई हैं. निक्की केस में हत्या और जानबूझकर चोट पहुंचाने जैसी धाराओं में एफआईआर दर्ज है.
ये भी पढ़ें: Nikki Murder Case: मरने से पहले निक्की ने विपिन से क्या मांगा था, जानें उसके आखिरी शब्द क्या थे?
महिला आयोग की दखल
उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भाराला ने निक्की के घर जाकर परिवार से मुलाकात की. उन्होंने भरोसा दिलाया कि केस की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होगी. साथ ही परिवार को हर तरह की मदद देने का आश्वासन भी दिया.
भाभी मीनाक्षी ने किया चौंकाने वाला खुलासा
इसी बीच निक्की की भाभी और रोहित भाटी की पत्नी मीनाक्षी ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उनका कहना है कि दहेज की मांग को लेकर उन्हें भी प्रताड़ित किया गया था. मीनाक्षी का आरोप है कि शादी के पहले दिन से ही पति, सास, निक्की और कंचन ने मिलकर उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से सताया. उन्होंने बताया कि उन्हें मोबाइल तक रखने की अनुमति नहीं थी. छह महीने बाद वह मायके लौट आईं और तब से वहीं रह रही हैं.
मीनाक्षी ने कहा कि शादी में उनके पिता ने सियाज कार और सोना दिया था. लेकिन ससुरालवालों ने इसे कम बताया और एक हफ्ते के भीतर स्कॉर्पियो और नकद की मांग कर डाली. मीनाक्षी की मां ने भी इस आरोप की पुष्टि की.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



