भारत के बुनियादी ढांचे में एक नया अध्याय जोड़ते हुए, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा. 8 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट देश के सबसे आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल एयरपोर्ट्स में से एक होने की उम्मीद है. पीएम मोदी इस अवसर पर करीब दो घंटे नवी मुंबई में रहेंगे. सिडको के व्यवस्थापकीय संचालक विजय सिंघल ने बताया कि यह परियोजना भारत के प्रगतिशील विकास का प्रतीक बनेगी. एयरपोर्ट का पहला रनवे तैयार हो चुका है, और दूसरा रनवे चार वर्षों में पूरा होगा. सभी टर्मिनल एकीकृत प्रणाली से जुड़े होंगे, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी.
अटल सेतु से कोस्टल रोड तक बेहतर कनेक्टिविटी
मेट्रो स्टेशन पर सीधा चेक-इन और ‘वन-अप एंड टू-एंड बैगेज फैसिलिटी’ ऐप के माध्यम से बैगेज प्रबंधन जैसी आधुनिक सेवाएं उपलब्ध होंगी. पर्यावरण संरक्षण के लिए हरित ऊर्जा और जल संरक्षण पर जोर दिया गया है. टर्मिनल में डिजिटल आर्ट के जरिए भारतीय संस्कृति की झलक दिखेगी, जबकि संचालन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग होगा. कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए अटल सेतु से कोस्टल रोड तक नई सड़क बनाई जा रही है. मेट्रो लाइन 8 को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है, जो नवी मुंबई और मुंबई एयरपोर्ट को जोड़ेगी.
इसके अलावा, वॉटर टैक्सी सेवा भी शुरू होगी, जो यात्रियों के लिए अतिरिक्त सुविधा प्रदान करेगी. इस परियोजना पर कुल 19,600 करोड़ रुपए का खर्च आया है, जिसमें सिडको ने भूमि विकास के लिए 3,500 करोड़ रुपए निवेश किए हैं. एयरपोर्ट में 350 विमानों की पार्किंग और दोनों रनवे के लिए अलग टैक्सी की सुविधा है. यह एयरपोर्ट मुंबई महानगर क्षेत्र की हवाई यातायात क्षमता को दोगुना करेगा. विजय सिंघल ने बताया कि ठाणे एयरपोर्ट का काम भी जल्द शुरू होगा.
यह परियोजना न केवल नवी मुंबई, बल्कि पूरे महाराष्ट्र के आर्थिक विकास को गति देगी. नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट भारत के आधुनिक और सतत विकास का एक शानदार उदाहरण बनेगा.
यह भी पढ़िए: प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु के स्वतंत्रता सेनानी तिरुप्पूर कुमरन और सुब्रमणिया शिवा को याद किया
Also Follow Bharat Express on X
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

