IND vs PAK World Cup 2025: कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को पाकिस्तान को वनडे में 88 रन से हरा कर एक और ऐतिहासिक जीत दर्ज की. कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारत ने लगातार 12वीं बार पाकिस्तान को हराते हुए वनडे फॉर्मेट में अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा.
मैच की शुरुआत में भारतीय टीम को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी. धीमी और टर्न लेती पिच पर भारतीय ओपनर प्रतिका रावल ने तो टीम को उम्मीद दी, लेकिन स्मृति मंधाना खुद केवल 2 रन बनाकर आउट हो गईं. इस शुरुआती झटके के बावजूद टीम ने हिम्मत नहीं हारी. कप्तान हरमनप्रीत कौर और हरलीन देओल ने संयम दिखाते हुए पारी को संभाला.
हार के बाद गुस्से में फूटीं फातिमा सना
पाकिस्तानी टीम को चौथे ओवर के बाद लगातार झटके लगे और अंत में 88 रन से हार का सामना करना पड़ा. हार के बाद कप्तान फातिमा सना गुस्से और निराशा से लाल नजर आईं.
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में उन्होंने कहा, “हमने पावरप्ले में बहुत ज्यादा रन दिए, डेथ ओवर्स में भी टीम नियंत्रण में नहीं रही. हमें लंबी साझेदारियां बनानी थीं. टॉप-5 बल्लेबाजों को सही समय पर आकर प्रदर्शन करना होगा.”
ये भी पढ़ें- हार का हकदार पाकिस्तान! लगातार चौथे संडे भारत को मिली जीत, लड़कों के बाद लड़कियों की धमाचौकड़ी
भारतीय टीम की तूफानी पारी
भारत की पारी में हरलीन देओल (46) ने समझदारी से खेलते हुए पारी को स्थिरता दी, जबकि ऋचा घोष ने केवल 20 गेंद में 35 रन बनाकर अंत में तूफान ला दिया. उनके तीन चौके और दो छक्कों ने भारत को सम्मानजनक 247 रनों तक पहुंचाया. पाकिस्तान की गेंदबाज डायना बेग और फातिमा सना के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद अंत में भारतीय बल्लेबाजों ने जीत सुनिश्चित की.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम शुरुआत से संघर्ष करती रही. सिदरा अमीन (81) ने अकेले जूझते हुए अर्धशतक बनाया, लेकिन बाकी बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे पाए. आखिरकार पाकिस्तान की आठ खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सकीं.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



