Bharat Express DD Free Dish

3I/ATLAS पर NASA की चुप्पी, वैज्ञानिक बोले- ‘यह एलियन नहीं इंसानों की गलती दिखाती है’

NASA की चुप्पी ने 3I/ATLAS इंटरस्टेलर ऑब्जेक्ट को लेकर अफवाहों को जन्म दिया है. अमेरिकी सरकारी कामकाज बंद होने के कारण NASA ने अपनी वेबसाइट अपडेट भी रोक दी है.

NASA और ESA (यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी) की नजर अब इंटरस्टेलर ऑब्जेक्ट 3I/ATLAS पर है. अंतरिक्ष एजेंसी की चुप्पी को लेकर लोग यह अंदाजा लगा रहे हैं कि NASA के पास इस धूमकेतु से जुड़ी कोई बड़ी और चौंकाने वाली जानकारी है. हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक एवी लोएब का कहना है कि NASA की चुप्पी कुछ भी साबित नहीं करती. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा, “यह एलियन गतिविधि के सबूत से ज्यादा इंसानों की मूर्खता को दिखाता है.”

क्यों रुक गई वेबसाइट ?

लोएब ने NASA की चुप्पी का कारण अमेरिकी सरकार के बंद होने को बताया. अमेरिका में सरकारी कामकाज बंद हुए 9 दिन हो चुके हैं और इसे खत्म करने की कई कोशिशें नाकाम रही हैं. बुधवार (8 अक्टूबर) को हुई ताजा कोशिश भी सफल नहीं हुई. रिपब्लिकन पार्टी का प्रस्ताव पास करने के लिए 60 वोटों की जरूरत थी, लेकिन केवल 45 वोट ही मिले. सरकारी कामकाज बंद होने की वजह से NASA की वेबसाइट अपडेट भी रुकी हुई है. इसके अलावा, NASA रोवर द्वारा ली गई एक तस्वीर इंटरनेट पर चर्चा का विषय बनी हुई है, लेकिन इसे अभी तक आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया गया.

इंटरस्टेलर ऑब्जेक्ट 3I/ATLAS की पहली तस्वीरें ESA के मार्स ऑर्बिटर द्वारा ली गई थीं. एक्सोमार्स ट्रेस गैस ऑर्बिटर (TGO) ने 3 अक्टूबर को जब यह धूमकेतु मंगल ग्रह के पास से गुजरा, तब इसकी तस्वीरें खींचीं. हालांकि ESA ने इसे 7 अक्टूबर को ही जारी किया.

वहीं, ESA के मार्स एक्सप्रेस ऑर्बिटर से अभी और डेटा आना बाकी है. NASA ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया कि रोवर द्वारा दिखाई गई तस्वीर वास्तव में 3I/ATLAS की ही है या नहीं.

ये भी पढ़ें- क्या नींद की कमी दिमाग को कर सकती है बूढ़ा? रिसर्च में इस बीमारी का हुआ चौंकाने वाला खुलासा

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read