UP के मंत्री ओपी राजभर का बिहार को लेकर दावा
Bihar Election 2025: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और एनडीए के सहयोगी दल सुभासपा (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा किया है. राजभर ने सोमवार को कहा कि बिहार में एनडीए सत्ता से बाहर होने जा रहा है, और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की सरकार बनेगी.
ओपी राजभर ने अपने इस दावे के पीछे उच्च मतदान प्रतिशत को मुख्य कारण बताया है. उन्होंने कहा कि बिहार में जब भी मतदान 60 प्रतिशत से ऊपर गया है, तब-तब राष्ट्रीय जनता दल की सरकार बनी है. राजभर ने दावा किया कि उन्होंने गूगल पर चुनावी इतिहास को टटोला है, जिससे यह पैटर्न सामने आया है कि बढ़ी हुई वोटिंग राजद के पक्ष में गई है.
“बिहार में जब भी ज्यादा वोटिंग होती है तो राजद की सरकार बनी है. इस बार भी 60 प्रतिशत के ऊपर वोटिंग हुई है तो राजद की सरकार बननी चाहिए.”
वोटिंग पैटर्न और लालू-राजद की सत्ता
राजभर के दावे को अगर बिहार के चुनावी इतिहास (Bihar Election 2025) से टटोलें, तो वोटिंग में बढ़ोतरी पर लालू-राजद की सरकार बनने का पैटर्न दिखा है. इस बार बिहार में पहले चरण में करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ है, जो राज्य के किसी भी विधानसभा या लोकसभा चुनाव में अब तक का सबसे अधिक मतदान है.
- 1990 में 62.04% मतदान हुआ था और लालू यादव (जनता दल) सत्ता में आए थे.
- 1995 में 61.79% मतदान हुआ था और लालू यादव (राजद) की सत्ता बरकरार रही.
- 2000 में 62.57% मतदान हुआ और लालू यादव (राजद) की सत्ता में वापसी हुई.
ये भी पढ़ें: तेजप्रताप ने जारी किया JJD ओपिनियन पोल, ‘वोट चोरी’ पर राहुल गांधी को झाड़ दिया
जनता का मिजाज कोई नहीं भांप पा रहा
राजभर ने बिहार के सियासी माहौल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां बहुत “घाचपेच” है. उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी भी राजद के खिलाफ लड़ रहे हैं और प्रशांत किशोर (पीके) सभी दलों के खिलाफ हैं. राजभर ने माना कि “जनता चुपचाप है और नेता केवल बोल रहे हैं.” उन्होंने कहा कि जनता का मन मिजाज कोई नहीं भांप पा रहा है, लेकिन बढ़े हुए मतदान का सीधा फायदा तेजस्वी यादव को मिलेगा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





