Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

रूस में 16 साल के ‘भारत के AI किड’ के मुरीद हुए राष्ट्रपति पुतिन: पीएम मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ विजन को सराहा

शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के संतुलित इस्तेमाल पर राउल के विचारों की सराहना करते हुए पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ विजन की तारीफ की और कहा कि यह युवाओं को अपने समाधान खुद गढ़ने के लिए प्रेरित करता है.

Russian President Vladimir Putin Praises PM Modi Make In India Vision During Interaction With 16 Year Old Indian AI Kid Raul John Aju

मॉस्को में आयोजित ‘जर्नी टू द वर्ल्ड ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ सम्मेलन में भारत के 16 वर्षीय युवा एआई इनोवेटर राउल जॉन अजू और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई खास बातचीत सुर्खियों में है. सम्मेलन के समापन सत्र के बाद पुतिन ने राउल से संवाद किया और उनकी सोच से प्रभावित होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ अभियान की जमकर सराहना की. पुतिन ने कहा कि राउल जैसे युवाओं का काम पीएम मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ के आह्वान को साकार करता है, क्योंकि यह युवा पीढ़ी को खुद अपने समाधान खोजने और उन्हें हकीकत में बदलने के लिए प्रेरित करता है.

शिक्षा में AI के इस्तेमाल पर राउल ने दिया कैलकुलेटर का उदाहरण

बातचीत के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने राउल से सीधा सवाल पूछा कि क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता इस्तेमाल मौजूदा शिक्षा प्रक्रिया के लिए कोई खतरा पैदा कर रहा है?

इस पर राउल जॉन अजू ने बेहद संतुलित जवाब दिया. उन्होंने कहा कि हमें एआई पर पूरी तरह निर्भर होने के बजाय इसके साथ मिलकर काम करने की जरूरत है. कैलकुलेटर का उदाहरण देते हुए राउल ने समझाया कि जिस तरह पहले बुनियादी गणित समझना जरूरी होता है, ठीक उसी तरह छात्रों को पहले पढ़ाई के बेसिक कॉन्सेप्ट और सीखने-याद रखने के तरीकों पर पकड़ बनानी चाहिए. इसके बाद ही शिक्षा में एआई को जोड़ा जाना चाहिए. उन्होंने यह भी आगाह किया कि एआई हमेशा वरदान नहीं होता, इसलिए इसका जिम्मेदारी से उपयोग करना बेहद जरूरी है.

‘9 साल की उम्र में बाथरूम में पहला वीडियो’

रूस के राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद राउल ने इंस्टाग्राम पर पुतिन के साथ हाथ मिलाते हुए एक वीडियो क्लिप और सेल्फी साझा की. अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा कि 9 साल की उम्र में बाथरूम में अपना पहला वीडियो बनाने से लेकर राष्ट्रपति पुतिन के साथ सेल्फी लेने तक का सफर किसी सपने जैसा है, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी. राउल ने अपनी इस कामयाबी के लिए उन सभी लोगों का आभार जताया जो इस सफर में उनके साथ खड़े रहे.

यह भी पढ़ें: क्या है स्पेन का हाउसिंग संकट जिसने देश को मध्यावधि चुनाव में ला खड़ा किया?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism