Mount Semeru Volcano Eruption Alert: इंडोनेशिया के जावा द्वीप पर स्थित माउंट सेमेरू में बुधवार 20 नवंबर को ज्वालामुखी फट गया. जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है. वहीं 1000 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया. ज्वालामुखी से लगातार निकल रहे लावा और राख के खतरे को देखते हुए इंडोनेशिया की ज्वालामुखी विज्ञान और भू वैज्ञानिक आपदा न्यूनीकरण एजेंसी (पीवीएमबीजी) ने अलर्ट स्तर को बढ़ाकर IV कर दिया है.
लेवल IV ज्वालामुखी खतरों की श्रेणी का सबसे उच्च स्तर होता है. इसका अर्थ हुआ कि ज्वालामुखी किसी भी वक्त बड़ा विस्फोट कर सकता है या फिर विस्फोट की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. ऐसे में आसपास के इलाकों को खाली कराना, उड़ानों का रूट बदलना और खतरे वाले जोन को पूरी तरह सील करना प्रशासन की अनिवार्य कार्रवाई मानी जाती है.

2 किलोमीटर ऊपर तक पहुंचा राख
इंडोनेशिया के अधिकारियों के अनुसार 3,676 मीटर ऊंचे माउंट सेमेरू ज्वालामुखी से राख के बादल निकले, जो 2 किलोमीटर ऊपर तक पहुंचे. जिससे लावा और चट्टानें ढलानों से 13 किलोमीटर नीचे तक फैल गईं. पीवीएमबीजी ने इसको लेकर एक वीडियो भी जारी किया है. जिसमें क्रेटर से गर्म राख का विशाल बादल निकलता दिखाई दे रहा है. जिसने आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह से ढक लिया.

कई इमारतें हुई नष्ट
इंडोनेशियाई मीडिया के अनुसार ज्वालामुखी के मलबे में कई घर दब गए. वहीं कई छतें ढह गई और दीवारें टूट गईं. कई इमारतें पूरी तरह से नष्ट हो गईं. हालांकि इस आपदा में किसी के मरने की सूचना नहीं है.
ये भी पढ़ें- आतंक के खिलाफ भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया, G20 से इतर हुई पीएम मोदी और एंथनी अल्बानीज की हाई-लेवल मीटिंग
1100 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया
गुरुवार तक माउंट सेमेरू के पास रहने वाले 1100 से ज्यादा निवासियों को सुरक्षित निकाल लिया है. उन्हें अस्थाई आश्रय स्थलों में रखा गया है. ज्वालामुखी के खतरों को देखते हुए माउंट सेमेरू ज्वालामुखी से निकलने वाली नदियों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बता दें कि इंडोनेशिया में ढेर सारे सक्रिय ज्वालामुखी हैं. जिसमें सबसे बड़ा माउंट सेमेरू है. जो इस साल की शुरुआत तक 2800 बार फट चुका है. 2021 में हुए आखिरी बड़े विस्फोट में 50 से ज्यााद लोग मारे गए थे. वहीं 5000 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हो गए. वहीं 10,000 लोगों को दूसरे जगहों पर शरण लेनी पड़ी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
