उत्तराखंड स्थापना दिवस पर पीएम मोदी का खास संदेश!
PM Modi: उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा कि उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सभी निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं. हमारी यह देवभूमि आध्यात्मिक चेतना और अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध है. मनोरम पर्वतीय परिदृश्यों, पवित्र नदियों और पावन चारधाम के साथ-साथ यह प्रदेश अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के लिए भी विशिष्ट पहचान रखता है.
उन्होंने कहा,
राज्य के परिश्रमी, प्रतिभाशाली और प्रगतिशील लोगों की सक्रिय भागीदारी से उत्तराखंड आज हर क्षेत्र में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है. मुझे विश्वास है कि प्रकृति एवं संस्कृति प्रेमियों का यह प्रदेश प्रगति के पथ पर निरंतर तेज गति से आगे बढ़ता रहेगा. यह विशेष अवसर राज्य के सभी लोगों के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आए.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर पोस्ट किया कि धर्म, अध्यात्म और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पवित्र संगम स्थली, अनुपम नैसर्गिक सौंदर्य से परिपूर्ण, देवभूमि उत्तराखंड के स्थापना दिवस की सभी उत्तराखंड वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! भगवान श्री बद्री-केदार जी के आशीर्वाद से धन्य यह पावन धरा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में ऐसे ही निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर गतिमान रहे और सभी भाई-बहनों के जीवन में सुख, समृद्धि व आनंद में वृद्धि होती रहे. यही कामना करता हूं.
मनोहर लाल खट्टर ने दी बधाई
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर पोस्ट किया, “प्राकृतिक सौंदर्य से सुसज्जित उत्तराखंड के बहनों-भाइयों को राज्य के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं. समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा धर्म व संस्कृति के प्रति असीम आस्था के लिए प्रसिद्ध यह ‘देवभूमि’ आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में प्रगति और समृद्धि की दिशा में निरंतर आगे बढ़ती रहे, बाबा केदारनाथ से यही प्रार्थना है.”
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर लिखा, “देवभूमि उत्तराखंड के स्थापना दिवस की राज्य के नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. आध्यात्मिक चेतना, समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण देवभूमि उत्तराखंड विकास एवं प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित करे और प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे, यही मंगलकामना करता हूं.”
ये भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी की खास टीम में शामिल होना है? जानिए PMO की नौकरी के लिए क्या है पढ़ाई और चयन का पूरा गणित
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट किया कि अपनी अनूठी संस्कृति, समृद्ध विरासत एवं अनुपम प्राकृतिक सौंदर्य से आच्छादित ‘देवभूमि’ उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर समस्त राज्यवासियों को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं! बाबा केदार और बद्रीविशाल की कृपा से यह पावन धरा प्रगति, समृद्धि और खुशहाली के पथ पर निरंतर नए प्रतिमान स्थापित करे, यही ईश्वर से प्रार्थना है.
(IANS के इनपुट पर आधारित)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



