Bharat Express DD Free Dish

भगोड़ों के काम आई इंडिगो! गोवा नाइटक्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी फुकेट फरार

गोवा के नाइट क्लब अग्निकांड मामले में मुख्य आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा घटना के तुरंत बाद देश से फरार हो गए.

गोवा के नाइट क्लब अग्निकांड मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. गोवा नाइटक्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा घटना के तुरंत बाद देश से फरार हो गए. पुलिस ने लुकआउट नोटिस और अंतरराष्ट्रीय मदद के जरिए उनकी तलाश शुरू कर दी है, जबकि आरोपी सुबह 5:30 बजे फुकेट के लिए उड़ान भर चुके थे. इस बीच, आरोपी भारत कोहली को दिल्ली से गिरफ्तार कर गोवा लाया गया है ताकि आगे की पूछताछ की जा सके.

गोवा पुलिस जब एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों को कस्टडी में लेने के लिए दिल्ली पहुंची, तब तक वे घर छोड़ चुके थे. पुलिस ने उनके घर पर छापेमारी की, लेकिन कोई नहीं मिला, जिसके बाद कानून के अनुरूप एक नोटिस उनके घर पर चिपका दिया गया.

गोवा पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी किया

गोवा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 7 दिसंबर की शाम तक दोनों आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराया. पुलिस ने जब मुंबई में इमिग्रेशन विभाग से संपर्क किया, तो यह हैरान करने वाली जानकारी सामने आई कि दोनों आरोपी घटना के कुछ घंटों बाद ही देश छोड़ चुके थे. इमिग्रेशन रिकॉर्ड के अनुसार दोनों भाई सुबह 5:30 बजे फुकेट के लिए उड़ान भर चुके थे.

पुलिस ने शुरू की वैश्विक तलाश

फिलहाल, गोवा पुलिस ने लूथरा ब्रदर्स को पकड़ने के लिए सीबीआई के इंटरपोल डिवीजन से आधिकारिक रूप से सहायता मांगी है. इंटरनेशनल नोटिस के माध्यम से फुकेट में उनकी लोकेशन ट्रैक कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. इस बीच, गोवा पुलिस ने आरोपी भारत कोहली को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है और उसे ट्रांजिट रिमांड पर गोवा लाया गया है ताकि उससे आगे पूछताछ की जा सके.

अग्निकांड में मारे गए सभी शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है. गोवा पुलिस ने कहा है कि फरार चल रहे दोनों आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाएं तेज कर दी गई हैं, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके.

ये भी पढ़ें: ‘वंदे मातरम् को खंडित किया गया’, कांग्रेस पर जमकर बरसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read