Bharat Express DD Free Dish

प्रियंका गांधी के बेटे रेहान की सगाई, जानें कौन हैं रॉबर्ट वाड्रा की होने वाली बहू अवीवा बेग?

गांधी परिवार में जल्द ही शादी की खुशियां दस्तक देने वाली हैं. प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने अपनी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड अवीवा बेग के साथ सगाई कर ली है. अवीवा एक प्रोफेशनल फोटोग्राफर और नेशनल लेवल की फुटबॉल खिलाड़ी रही हैं.

Who is Aviva Baig, Raihan Vadra, Aviva Baig, Priyanka Gandhi

Who is Aviva Baig: गांधी परिवार के घर से आज एक खुशियों भरी खबर आई है. कांग्रेस की दिग्गज नेता प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा अब अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. सूत्रों की मानें तो रेहान की सगाई उनकी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड अवीवा बेग के साथ हो गई है.

यह कार्यक्रम बेहद निजी रहा, जिसमें सिर्फ परिवार के करीबी लोग ही शामिल हुए. अब हर किसी की नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर शादी की शहनाइयां कब बजेंगी.

कौन हैं अवीवा बेग, जो बनेंगी गांधी परिवार की बहू?

गांधी परिवार के होने वाले दामाद या बहू के बारे में जानने की उत्सुकता तो हमेशा रहती ही है, तो चलिए आपको बताते हैं कि अवीवा बेग आखिर कौन हैं. अवीवा दिल्ली की ही रहने वाली हैं और उनका प्रोफाइल काफी प्रभावशाली है. उन्होंने दिल्ली के मशहूर मॉडर्न स्कूल से अपनी पढ़ाई पूरी की है और इसके बाद ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी से मीडिया और जर्नलिज्म में डिग्री ली.

लेकिन अवीवा की पहचान सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं है. वह एक राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी भी रह चुकी हैं. खेल के मैदान से निकलकर उन्होंने कला की दुनिया में अपनी जगह बनाई. आज वह एक सफल फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर हैं. वह ‘एटेलियर 11’ नाम के एक नामी फोटोग्राफिक स्टूडियो और प्रोडक्शन हाउस की को-फाउंडर भी हैं. उनकी कला की प्रदर्शनियां ‘इंडिया आर्ट फेयर’ जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स पर लग चुकी हैं.

ये भी पढ़ें- 2026 में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की कैसी रहेगी किस्मत?

कला ने जोड़ा रिश्ता

रेहान वाड्रा और अवीवा बेग लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं. दिलचस्प बात यह है कि दोनों के बीच एक बड़ी समानता ‘फोटोग्राफी’ और ‘विजुअल आर्ट्स’ के प्रति उनका जुनून है. रेहान खुद एक बेहतरीन विजुअल आर्टिस्ट हैं. उनके बारे में कहा जाता है कि जब वे महज 10 साल के थे, तभी से उन्होंने कैमरे से दोस्ती कर ली थी.

रेहान की लाइफ में एक ऐसा मोड़ भी आया जिसने उनकी फोटोग्राफी के नजरिए को ही बदल दिया. साल 2017 में स्कूल में क्रिकेट मैच खेलते वक्त उनकी आंख में गंभीर चोट लग गई थी. इस हादसे के बाद रेहान ने दुनिया को ब्लैक एंड व्हाइट फ्रेम में देखना और कैप्चर करना शुरू किया. उनकी पहली प्रदर्शनी ‘डार्क परसेप्शन’ में लोगों ने उनकी इसी गहरी सोच और कला को सराहा था. रेहान हमेशा कहते हैं कि उन्हें फोटोग्राफी का यह शौक अपनी मां प्रियंका गांधी से विरासत में मिला है.

शादी की तारीख का बेसब्री से इंतजार

फिलहाल सगाई की खबर ने सोशल मीडिया पर हलचल पैदा कर दी है. राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनता तक, हर कोई इस नई जोड़ी को बधाई दे रहा है. दोनों परिवारों की रजामंदी और बच्चों की पसंद के बाद अब बस इंतजार है उस तारीख का, जब दिल्ली में साल की सबसे बड़ी शादियों में से एक का आयोजन होगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read