RBI का 2000 रुपये नोट पर अपडेट
Currency Circulation: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2000 रुपये के नोटों पर नया अपडेट दिया है. रिजर्व बैंक का कहना है कि 31 दिसंबर 2025 तक 98.41 प्रतिशत नोट वापस आ चुके हैं. लेकिन अभी भी 5,669 करोड़ रुपये के नोट लोगों के पास हैं. ये नोट बाजार में घूम रहे हैं. RBI ने बताया कि कुल 3.56 लाख करोड़ रुपये के नोट थे, जो अब थोड़े से बचे हैं.
गौरतलब हो कि सरकार द्वारा 2000 रुपये के नोट 2023 में चलन से बाहर किए गए थे. लोगों से कहा गया था कि वे बैंक जाकर अपने नोटों को वापस कर आएं. तब से देशभर में लोग अपने अपने पास रखे 2000 रुपये के नोटों को वापस करने लगे.
2 महीनों में बहुत कम वापसी
हालांकि, अब पिछले दो महीनों में इन नोटों वापसी की रफ्तार बहुत धीमी रही है. 31 अक्टूबर 2025 को 5,817 करोड़ रुपये के नोट थे. अब 5,669 करोड़ रुपये बचे हैं. मतलब सिर्फ 148 करोड़ रुपये के नोट ही वापस आए. लोग इन नोटों को अब भी रखे हुए हैं.
RBI ने कहा कि ये नोट लीगल टेंडर बने रहेंगे. लेकिन इन्हें बदलवाना बेहतर है.
क्यों बंद किए गए थे ये नोट
2000 रुपये के नोट 2016 में नोटबंदी के समय लाए गए थे. तब 500 और 1000 के नोट बंद हुए थे. बाद में क्लीन नोट पॉलिसी के तहत मई 2023 में इन्हें चलन से हटाया गया. अब दूसरे नोट पर्याप्त हैं. RBI ने लोगों को सुविधा दी थी कि बैंक में जमा कराएं.
कहां बदल सकते हैं ये नोट
अब बैंक ब्रांच में नहीं, बल्कि RBI के 19 दफ्तरों में नोट बदल सकते हैं. ये दफ्तर अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम में हैं. इसके अलावा डाकघर से इंडिया पोस्ट के जरिए भी भेज सकते हैं. ये सुविधा अभी भी जारी है. लोग जल्दी से नोट बदलवाएं.
यह भी पढ़िए: क्या 2 हजार से ज्यादा के UPI लेन-देन पर GST लगाने जा रही सरकार? जानें वित्त मंत्रालय का जवाब
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



