Jharkhand Road Accident: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. मुसाबनी-घाटशिला मुख्य सड़क पर सुरदा और सुरदा क्रॉसिंग के बीच यूनियन बैंक के पास खड़ी एक ब्रेकडाउन हाइवा से स्कूटी जा टकराई. हादसे में स्कूटी पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है.
बिना चेतावनी खड़ी थी हाइवा
प्रत्यक्षदर्शियों कि माने तो सड़क किनारे खराब हालत में खड़ी हाइवा के पीछे न तो कोई इंडिकेटर लगाया गया था और न ही सुरक्षा के लिए चेतावनी संकेत. इसी दौरान घाटशिला की ओर तेज रफ्तार से जा रही स्कूटी हाइवा के पिछले हिस्से से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों युवक स्कूटी से सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस और स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही मुसाबनी थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह पुलिस दल के साथ तुरंत वहां पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को केंदाडीह अस्पताल भेजा गया. चूंकि तीन युवकों की हालत बेहद गंभीर थी उन्हें घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. वहीं डॉक्टरों ने रोहित कर्मकार (25), उनके छोटे भाई समीर कर्मकार (16) और राज गोप (18) को मृत घोषित कर दिया. चौथे युवक राहुल कर्मकार (32) की स्थिति नाजुक बनी हुई है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित MGM अस्पताल रेफर कर दिया गया.
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर नाराजगी
जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल हाइवा एचसीएल (HCL) की सुलझा माइंस से लौट रही थी. रास्ते में उसमें तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण वाहन को सड़क किनारे रोक दिया गया लेकिन चालक या जिम्मेदार पक्ष ने जरूरी सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया. वाहन के पीछे न तो कोई रिफ्लेक्टर लगाया गया था और न ही चेतावनी का कोई संकेतक लगाया गया था, जिससे आने-जाने वाले वाहनों को सतर्क किया जा सके.
इलाके में शोक और प्रशासन से मांग
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है. मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो‑रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही यह भी आग्रह किया गया है कि ट्रैफिक सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य किया जाए. लोगों का कहना है कि यदि नियमों का सही तरीके से पालन हो तो भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

