IND vs PAK U19 Asia Cup 2026: एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया को निराशा हाथ लगी है. ओमान में आयोजित टूर्नामेंट के दूसरे ग्रुप मैच में पाकिस्तान ने भारतीय टीम को 3 विकेट से हरा दिया. मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां दोनों तरफ के गेंदबाजों ने बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. भारतीय बल्लेबाज अर्जुन राजपूत ने 107 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर ने नाबाद 100 रन बनाकर उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया. पाकिस्तान ने 49वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.
भारतीय टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. कप्तान लक्ष्य रायचंदानी बिना खाता खोले दूसरी ही गेंद पर पवेलियन लौट गए. इसके बाद आर्यवीर सहवाग ने 22 रन बनाए, जबकि अन्वय द्रविड़ केवल 10 रन ही जोड़ सके. लगातार विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और महज 86 रन के स्कोर पर भारत के पांच बल्लेबाज आउट हो चुके थे. ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम बेहद कम स्कोर पर सिमट जाएगी. हालांकि, इसके बाद अर्जुन राजपूत ने जिम्मेदारी संभाली और पाकिस्तान के गेंदबाजों के सामने मजबूती से डटे रहे.
अर्जुन राजपूत ने ठोका शानदार शतक
मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने आए अर्जुन राजपूत ने शानदार अंदाज में रन बनाना शुरू किया. उन्होंने एक छोर संभालकर रखा और पाकिस्तानी गेंदबाजों का डटकर मुकाबला किया. अर्जुन ने महज 85 गेंदों का सामना करते हुए 107 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. इस शतक की बदौलत भारत के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने की उम्मीद जगी थी. लेकिन 36वें ओवर में अर्जुन के आउट होते ही टीम की पारी लड़खड़ा गई. नतीजा यह रहा कि पूरी भारतीय टीम 46.3 ओवर में 208 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
पाकिस्तान की शुरुआत भी खराब
209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की हालत भी शुरुआत में भारत जैसी ही रही. भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाया और पाकिस्तान के शुरुआती पांच विकेट सिर्फ 61 रन के अंदर गिरा दिए. भारतीय स्पिनर मनल चौहान ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने 2 ओवर में 2 विकेट हासिल किए. एक समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लेगी. लेकिन तभी पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर ने पारी को संभाल लिया.
हमजा जहूर और हसनैन अब्बास की साझेदारी ने पलटा मैच
हमजा जहूर ने एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी की और हसनैन अब्बास के साथ मिलकर 107 रनों की अहम साझेदारी की. इस साझेदारी ने पाकिस्तान को मुकाबले में वापस ला दिया. हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद फिर वापसी की और जल्दी-जल्दी दो विकेट हासिल कर लिए. पाकिस्तान को जीत के लिए 26 रन चाहिए थे और उसके पास केवल तीन विकेट बाकी थे. इसके बावजूद हमजा जहूर ने धैर्य नहीं खोया और लगातार रन बनाते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाते रहे.
49वें ओवर में शतक और जीत
मैच के आखिरी पड़ाव पर हमजा जहूर ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी. 49वें ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया. इसी चौके के साथ पाकिस्तान ने मुकाबला भी अपने नाम कर लिया. जहूर 100 रन बनाकर नाबाद लौटे. इस तरह अर्जुन राजपूत के 107 रनों का जवाब हमजा जहूर के नाबाद शतक ने दिया. भारतीय टीम के गेंदबाजों ने मुकाबले में अच्छी शुरुआत जरूर की, लेकिन जहूर की जुझारू पारी के सामने उनकी मेहनत काम नहीं आई. पाकिस्तान ने यह रोमांचक मुकाबला 3 विकेट से जीत लिया.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


