भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए नागपुर का टी20 मुकाबला बेहद खास होने वाला है. इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान और ‘मिस्टर 360’ सूर्यकुमार यादव एक ऐसी उपलब्धि हासिल करने जा रहे हैं, जो अब तक सिर्फ तीन भारतीय दिग्गजों के नाम रही है. न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर कदम रखते ही सूर्या अपने टी20 करियर का ‘स्पेशल शतक’ पूरा कर लेंगे.
चौथे भारतीय खिलाड़ी बनेंगे सूर्यकुमार
सूर्यकुमार यादव अब तक 99 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेल चुके हैं. नागपुर टी20 उनके करियर का 100वां मुकाबला होगा. भारत के लिए 100 या उससे ज्यादा टी20 मैच खेलने का गौरव अब तक केवल रोहित शर्मा (159), विराट कोहली (125) और हार्दिक पांड्या (124) को ही प्राप्त है. सूर्या इस ‘एलीट क्लब’ में शामिल होने वाले चौथे भारतीय बन जाएंगे. दिलचस्प बात यह है कि हार्दिक पांड्या भी इसी मैच में विराट कोहली के 125 मैचों के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे.
क्या 2025 का सूखा खत्म करेंगे सूर्या?
भले ही सूर्या 100वें मैच का जश्न मनाने जा रहे हों, लेकिन उनके बल्ले की खामोशी टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. साल 2025 सूर्यकुमार के लिए किसी बुरे सपने जैसा रहा. पिछले साल की 22 पारियों में उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला. ऐसे में अपने 100वें मैच को यादगार बनाने के लिए सूर्या पर न सिर्फ कप्तानी, बल्कि एक बड़ी पारी खेलने का भी भारी दबाव होगा.
कीवियों के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड
हालांकि, आंकड़े सूर्यकुमार के पक्ष में हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ सूर्या का बल्ला हमेशा आग उगलता है. 2021 से 2023 के बीच उन्होंने कीवियों के खिलाफ 8 मैचों में 47.33 की औसत से 284 रन बनाए हैं, जिसमें एक शानदार नाबाद शतक (111 रन) भी शामिल है.
ये भी पढ़ें: साइना नेहवाल ने बैडमिंटन को कहा अलविदा, 18 मेडल और कई अवॉर्ड्स के साथ खत्म हुआ शानदार सफर
-भारत ए्क्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



