Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली में आज ये सड़के रहेंगी बंद, घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक रूट

गणतंत्र दिवस के बाद अब बीटिंग रिट्रीट की तैयारी है. मंगलवार शाम को दिल्ली के लुटियंस ज़ोन में ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा. ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को मेट्रो या रिंग रोड इस्तेमाल करने की सलाह दी है.

Delhi Traffic Advisory, Beating Retreat 2026

Delhi Traffic Advisory: देश की राजधानी दिल्ली में इन दिनों लोकतंत्र के उत्सव यानी गणतंत्र दिवस की धूम है. 26 जनवरी की परेड देखने के बाद अब सबकी नजरें ‘बीटिंग रिट्रीट’ समारोह पर टिकी हुई हैं. लेकिन अगर आप आज (27 जनवरी) लुटियंस दिल्ली या उसके आसपास से गुजरने का प्लान बना रहे हैं, तो सावधान हो जाइए.

दरअसल, आज बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल होनी है, जिसकी वजह से दिल्ली की कई सड़कों पर ट्रैफिक की चाल बदली हुई नजर आएगी. इससे पहले कि आप आज ट्रैफिक जाम में फंसें, बेहतर यही होगा कि घर से निकलने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नई एडवाइजरी देख लें. आइए जानते हैं आज आपको किन रास्तों से बचकर निकलना चाहिए.

शाम 4 से 6 बजे तक बंद रहेंगे ये रास्ते

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, आज यानी मंगलवार को शाम 4 बजे से लेकर 6 बजे तक विजय चौक और उसके आस-पास की सड़कों पर एंट्री पूरी तरह से बंद रहने वाली है. यह पाबंदी बीटिंग रिट्रीट के रिहर्सल में कोई बाधा न आए, इसलिए लगाई गई है. बताते चलें कि विजय चौक तो पूरी तरह बंद रहेगा ही, साथ ही विजय चौक को जोड़ने वाली सभी सहायक सड़कों पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी.

इन रूट्स पर रहेगा डायवर्जन

अगर आपका दफ्तर या घर इन रास्तों के आसपास है, तो आज वैकल्पिक रास्तों का चुनाव करना आपके लिए फायदेमंद रहेगा-

रायसीना रोड: कृषि भवन गोलचक्कर से विजय चौक की तरफ जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद रहेगा.

दारा शिकोह रोड: गोलचक्कर से आगे गाड़ियों को जाने की अनुमति नहीं होगी.

सुनहरी मस्जिद और कृष्णा मेनन मार्ग: इन दोनों गोलचक्करों से भी विजय चौक की तरफ जाने वाले ट्रैफिक पर पाबंदी रहेगी.

ये भी पढ़ें- आज देशभर में बैंक हड़ताल, किन बैंकों में सेवाएं रहेंगी प्रभावित?

यात्रियों के लिए सलाह

चूंकि शाम का वक्त दफ्तरों की छुट्टी का होता है, इसलिए इन पाबंदियों का असर सेंट्रल दिल्ली के अन्य रास्तों पर भी दिख सकता है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए इन दो घंटों के दौरान वैकल्पिक रास्तों, जैसे रिंग रोड या मेट्रो का इस्तेमाल करें.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read