Bharat Express DD Free Dish

जाकिर खान का कॉमेडी से ब्रेक; क्या वाकई ‘सख्त लौंडा’ अब थक गया है? जानिए इसके पीछे की पूरी कहानी

कॉमेडियन जाकिर खान ने खराब सेहत और लगातार काम के दबाव के चलते अपने शोज से लंबा ब्रेक लेने का ऐलान किया है.

सोशल मीडिया पर पिछले हफ्ते जब ‘सख्त लौंडा’ यानी जाकिर खान का एक वीडियो सामने आया, तो उनके चाहने वालों का दिल टूट गया. जाकिर ने इस वीडियो में एक ऐसी बात कह दी जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. उन्होंने साफ किया कि वह अपनी कॉमेडी और शोज से एक लंबा ब्रेक ले रहे हैं. अचानक आए इस फैसले ने इंटरनेट पर खलबली मचा दी, लेकिन सच तो यह है कि जाकिर काफी समय से इसके संकेत दे रहे थे.

क्यों लिया यह फैसला?

हाल ही में एक इंटरव्यू में जाकिर ने अपनी खामोशी तोड़ी और विस्तार से बताया कि आखिर उन्हें यह कदम क्यों उठाना पड़ा. जाकिर ने खुलासा किया कि उनकी सेहत पिछले काफी समय से साथ नहीं दे रही है. उन्होंने कहा, “मेरे परिवार में कुछ ऐसी बीमारियां हैं जो जेनेटिक हैं और एक उम्र के बाद उभरने लगती हैं. ऊपर से पिछले 10 सालों से मैंने अपने शरीर के साथ जो खिलवाड़ किया, उसका असर अब दिखने लगा है.”

जाकिर की दिनचर्या किसी से छिपी नहीं है. एक शहर से दूसरे शहर भागना, दिन में दो-तीन शो करना और फिर हजारों फैंस से मिलना—इस भागदौड़ में उनकी नींद और खान-पान का कोई ठिकाना नहीं रहता था. उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि वह अक्सर सिर्फ दो घंटे की नींद लेकर काम पर निकल जाते थे, जिसका नतीजा यह हुआ कि अब उनके शरीर ने ‘रेड सिग्नल’ दे दिया है.

सफलता की कीमत और जिम्मेदारी का बोझ

जाकिर खान अपनी सफलता को केवल अपनी उपलब्धि नहीं मानते है. वह कहते हैं कि वह अपने खानदान की पहली पीढ़ी हैं जिसने इस स्तर की शोहरत देखी है. इसलिए उन पर अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत रास्ता (पुल) बनाने की जिम्मेदारी थी. इसी जिम्मेदारी के चक्कर में उन्होंने पिछले एक दशक से लगातार अपने काम को सबसे ऊपर रखा.

उन्होंने कहा,

“जब आप दस साल तक लगातार एक्सीलरेटर पर पैर रखे रखते हैं, तो गाड़ी यानी शरीर का खराब होना तय है.”

उन्हें इस बात का असली अहसास पिछले साल अमेरिका दौरे के दौरान हुआ, जब उन्हें समझ आ गया कि काम और खराब सेहत अब साथ नहीं चल सकते है.

क्या 2030 तक वापसी करेंगे जाकिर?

फैंस के बीच एक और डर था कि जाकिर शायद 2030 तक मंच पर नहीं लौटेंगे. हालांकि, उन्होंने इस बात को हंसते हुए साफ कर दिया. जाकिर ने कहा कि वह क्लिप हैदराबाद के संदर्भ में थी और उनका ब्रेक इतना लंबा नहीं होने वाला है. कॉमेडी के प्रति उनका जुनून कम नहीं हुआ है. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मुझे स्टैंड-अप से बेइंतहा प्यार है और मैं 80 साल की उम्र में भी मंच पर खड़े होकर लोगों को हंसाना चाहता हूं. और उस उम्र तक पहुंचने के लिए आज थोड़ा रुकना जरूरी है.”

फैंस के लिए पैगाम

जाकिर ने इंस्टाग्राम पर भी अपनी आपबीती साझा की थी, जिसमें उन्होंने माना कि वह लगभग एक साल से बीमार चल रहे थे लेकिन काम की मजबूरी और फैंस के प्यार की वजह से खुद को खींच रहे थे. उन्होंने लिखा कि हर मिलने वाले को खुश करना और फ्लाइट्स के बिजी शेड्यूल ने उनकी सेहत बिगाड़ दी है.

फिलहाल, जाकिर अपने मौजूदा इंडिया टूर के बाद एक लंबे विश्राम पर जा रहे हैं. उन्होंने साफ कर दिया है कि वह इस दौरान कोई नया शो नहीं जोड़ेंगे.

ये भी पढ़ें:अरिजीत सिंह के संघर्ष के दिनों का वो एक गाना जिसने रातों-रात बदल दी थी सिंगर की किस्मत, बन गए थे बॉलीवुड के ‘किंग’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read