Gold Silver Price Today: सोने-चांदी के निवेशकों के लिए यह हफ्ता किसी डरावने सपने जैसा साबित हो रहा है. अगर आप सोच रहे थे कि कीमतों में गिरावट अब थम जाएगी, तो रविवार की सुबह आई खबर ने सबको चौंका दिया है. बजट के दिन भी कमोडिटी मार्केट खुला है और खुलते ही सोने और चांदी के भाव ताश के पत्तों की तरह ढह गए. पिछले कुछ दिनों से जारी यह ‘ब्लैक वीक’ अब तक की सबसे बड़ी गिरावट की गवाह बन चुका है.
आसमान से जमीन पर आई चांदी
सबसे ज्यादा हाहाकार चांदी के भाव में मचा है. आपको याद होगा कि अभी बीते गुरुवार को ही चांदी ने इतिहास रचा था जब इसकी कीमत पहली बार 4 लाख के पार यानी ₹4,20,048 के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई थी. लेकिन यह खुशी चंद घंटों की मेहमान थी. शुक्रवार को चांदी ₹1.28 लाख टूटकर नीचे आई और आज रविवार को बजट सत्र शुरू होने से पहले ही इसमें ₹27,500 की एक और बड़ी गिरावट देखी गई. अब आलम यह है कि चांदी गिरकर ₹2,65,652 प्रति किलोग्राम पर आ गई है. यानी जो चांदी कुछ दिन पहले रिकॉर्ड बना रही थी, वह अब निवेशकों की जेब खाली कर रही है.
सोना भी धड़ाम, ₹1.43 लाख पर आया भाव
सोने की चमक भी इस बिकवाली में फीकी पड़ गई है. गुरुवार को सोना ₹1,93,096 के ऑल-टाइम हाई पर था, लेकिन उसके बाद से इसमें लगातार बड़ी गिरावट जारी है. रविवार को बाजार खुलते ही सोने की कीमतों में करीब 6% की गिरावट आई और यह ₹9,000 प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया. फिलहाल 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,43,205 के आसपास झूल रहा है. एक झटके में ₹42,000 से ज्यादा का करेक्शन सोने के खरीदारों के लिए बड़ी खबर है.
ये भी पढ़ेंं- Budget 2026: कभी सोचा है बजट के लिए सरकार के पास पैसा आता कहां से है? जानें इसका पूरा गणित
बजट वाले दिन ही क्यों टूटा बाजार?
अमूमन रविवार को कमोडिटी मार्केट बंद रहता है, लेकिन इस बार बजट रविवार को पेश हो रहा है, इसलिए MCX पर ट्रेडिंग जारी है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि पिछले हफ्ते की तगड़ी गिरावट ने निवेशकों के बीच डर का माहौल बना दिया है. ‘पैनिक सेलिंग’ (घबराहट में बिकवाली) की वजह से बाजार खुलते ही धड़ाम हो गया. इसके अलावा, निवेशकों को उम्मीद है कि बजट में सरकार इंपोर्ट ड्यूटी (आयात शुल्क) में कटौती का ऐलान कर सकती है, जिसकी आहट मात्र से बाजार पहले ही नीचे गिर रहा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

