UP court bomb threat Lucknow session court: लखनऊ सेशन कोर्ट परिसर समेत UP की 18 जिला अदलतों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली है. ई-मेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है. लखनऊ वजीरगंज पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं. वहीं कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है. अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला है, लेकिन जांच और चेकिंग जारी है.
लखनऊ कोर्ट परिसर में चला व्यापक सर्च ऑपरेशन
धमकी मिलते ही कोर्ट परिसर को सील कर दिया गया. डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक टीम ने कोर्ट के अंदर और बाहर हर कोने की बारीकी से जांच की. हर आने-जाने वाले व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है. बैग, सामान और वाहनों की तलाशी ली जा रही है. सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. कोर्ट के सभी गेट्स पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए हैं.
ई-मेल की जांच में जुटी साइबर सेल
प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है. पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से ले रही हैं. धमकी ई-मेल के स्रोत और सत्यता का पता लगाने के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि धमकी की गंभीरता को देखते हुए हर संभव कोण से जांच की जा रही है. इससे पहले शुक्रवार को भी कोर्ट परिसर में चेकिंग की गई थी, लेकिन तब कोई धमकी नहीं मिली थी.
इलाके में दहशत, लोग सतर्क
धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. वकील, कर्मचारी और आम नागरिक सतर्क हो गए हैं. कई लोग कोर्ट आने से बच रहे हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे कोर्ट परिसर में आने-जाने से पहले सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखें. फिलहाल जांच जारी है और कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नहीं मिली है. आगे की जानकारी मिलते ही अपडेट किया जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



