Urdu Conclave 2026

मैच के दौरान आई ‘मौत’; उन्नाव में मधुमक्खियों के हमले में अंपायर ने तोड़ा दम, खिलाड़ियों में मची भगदड़

Bee Attack During Cricket: उन्नाव (Unnao) के सप्रू स्टेडियम में क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के भयानक हमले में कानपुर के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता की दर्दनाक मौत. जान बचाने के लिए पिच पर लेटे रहे खिलाड़ी. जानिए पूरा मामला

Bee Attack During Cricket In Unnao

Unnao Bee Attack: उन्नाव/रवींद्र राठौर: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के गंगाघाट नगर पालिका परिषद क्षेत्र में स्थित सप्रू स्टेडियम में बुधवार को एक क्रिकेट मैच के दौरान ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी. मैच में ‘ड्रिंक ब्रेक’ के दौरान अचानक मधुमक्खियों के एक विशाल झुंड ने पूरे मैदान पर हमला बोल दिया. इस जानलेवा हमले में कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता (Manik Gupta) की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए.

ड्रिंक ब्रेक में आई ‘मौत’

जानकारी के अनुसार, सप्रू क्रिकेट स्टेडियम में YMCC और पैरामाउंट टीमों के बीच एक कड़ा मुकाबला चल रहा था. मैच में कानपुर के फीलखाना निवासी मानिक गुप्ता और शुक्लागंज के सुनील कुमार निषाद अंपायरिंग कर रहे थे. पहली पारी खत्म होने के बाद दूसरी पारी शुरू हो चुकी थी. कुछ ओवरों के बाद खिलाड़ियों ने ‘ड्रिंक ब्रेक’ लिया. इसी बीच अचानक लाखों मधुमक्खियों का झुंड मैदान में घुस आया और खिलाड़ियों व अंपायरों पर टूट पड़ा.

जमीन पर लेटे खिलाड़ी (Bee Attack During Cricket Match in Unnao)

मधुमक्खियों के इस भीषण हमले से पूरे स्टेडियम में हड़कंप मच गया. घटना के प्रत्यक्षदर्शी और दूसरे अंपायर सुनील कुमार निषाद ने बताया कि हमला इतना अचानक और तेज था कि बचने का कोई मौका नहीं मिला. जान बचाने के लिए सब लोग जमीन पर मुंह के बल लेट गए, लेकिन मधुमक्खियों ने डंक मारना जारी रखा. लगभग सभी खिलाड़ी और अंपायर इस हमले का शिकार हुए और मैदान पर चीख-पुकार मच गई.

ये भी पढ़ें: वरुण की फिरकी और दुबे की तूफानी पारी से भारत की चौथी जीत, नीदरलैंड्स 17 रन से पराजित

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें

मधुमक्खियों के हमले में वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता सबसे ज्यादा गंभीर रूप से घायल हुए. आनन-फानन में मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें शुक्लागंज के एक अस्पताल में भर्ती कराया. हालत बिगड़ने पर उन्हें कानपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया. वहां से डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल हैलट ले जाने को कहा लेकिन रास्ते में ही मानिक गुप्ता ने दम तोड़ दिया. मानिक गुप्ता की अचानक मौत से उनके परिवार (कानपुर के फीलखाना क्षेत्र) और पूरे स्थानीय क्रिकेट जगत में कोहराम मच गया है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read