Gujarat road accident: गुजरात के मेहसाणा जिले में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ. इस दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल और मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
शादी से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह परिवार राजस्थान में शादी समारोह में शामिल होने के बाद ईको कार से अहमदाबाद के रामोल लौट रहा था. ऊंझा के उनावा के पास कार अचानक डिवाइडर से टकराई और पलट गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
पांच की मौत, छह घायल
इस हादसे में रामलाल कुमावत, कोमल कुमावत, कैलाश कुमावत, एक बच्चा और एक वृद्ध महिला की मौत हो गई. बाकी छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य में मदद की.
हाल ही में दूसरा बड़ा हादसा
यह घटना गुजरात में हाल के दिनों का दूसरा बड़ा सड़क हादसा है. इससे पहले वलसाड जिले के कपारड़ा-नानापोंढा हाईवे पर कुंभघाट के पास हुए हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई थी.
ट्रक और कार की टक्कर
वलसाड की दुर्घटना उस तीखे मोड़ पर हुई थी जिसे पहले से ही दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र माना जाता है. ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. उसमें सवार सात लोग फंस गए. पांच की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल पुरुष अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ बैठे.
ये भी पढ़ें-बिहार में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए नई पहल, सात निश्चय-3 के तहत बड़े फैसले
पुलिस की जांच जारी
दोनों हादसों ने राज्य में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पुलिस ने मेहसाणा और वलसाड की घटनाओं में जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

