Bharat Express DD Free Dish

IND vs AUS: भारतीय बेटियों की शानदार परफोर्मेंस, पहली बार ऑस्ट्रेलिया में जीती T20 सीरीज; 2-1 से दी मात

आज (शनिवार) को एडिलेड ओवल में खेले गए तीसरे और निर्णायक टी20 मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 17 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली.

आज (शनिवार) को एडिलेड ओवल में खेले गए तीसरे और निर्णायक टी20 मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 17 रनों से हरा दिया. इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है. इस मैच की असली हीरो रहीं स्मृति मंधाना, जिन्होंने अपनी बल्लेबाजी से ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ कर रख दी.

जब स्मृति क्रीज पर होती हैं, तो शॉट सिलेक्शन की जो नजाकत दिखती है, वो वाकई देखने लायक होती है. इस मैच में मंधाना ने महज 55 गेंदों पर 82 रनों की पारी खेली. उनकी इस पारी में 8 शानदार चौके और 3 छक्के शामिल थे.

इस पारी के साथ मंधाना ने अपना ही छह साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है. इससे पहले 2020 में उन्होंने मेलबर्न (MCG) में 66 रन बनाए थे, जो तब ऑस्ट्रेलिया में किसी भारतीय महिला खिलाड़ी का सबसे बड़ा स्कोर था. अब 82 रन बनाकर उन्होंने उस रिकॉर्ड को और ऊंचा कर दिया है. यह उनके करियर का 33वां अंतरराष्ट्रीय टी20 अर्धशतक था. यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका आठवां 50+ स्कोर है.

कैसे मिली जीत?

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत थोड़ी धीमी रही. शेफाली वर्मा सिर्फ 7 रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गईं. लगा कि दबाव टीम पर हावी हो जाएगा, लेकिन स्मृति ने दूसरे छोर से मोर्चा संभाल लिया.

स्मृति को जेमिमा रोड्रिग्स का साथ मिला. इन दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 121 रनों की जबरदस्त साझेदारी की. पावरप्ले के आखिरी ओवर में जब सोफी मोलिन्यूक्स गेंदबाजी करने आईं, तो स्मृति ने लगातार तीन चौके जड़कर साफ कर दिया कि आज वो रुकने वाली नहीं हैं. उन्होंने 38 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. एक समय लग रहा था कि स्मृति अपना दूसरा शतक भी पूरा कर लेंगी, लेकिन 82 के स्कोर पर एनेबेल सदरलैंड की गेंद पर वो कैच आउट हो गईं.

भारत ने स्मृति की इस पारी के दम पर 20 ओवर में 176/6 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो भारतीय गेंदबाजों ने उन पर शिकंजा कस दिया. पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 ओवर में 159 रन ही बना सकी और भारत ने 17 रनों से मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा कर लिया.

ये भी पढ़ें-T20 World Cup: जीत के रथ पर सवार टीम इंडिया की ‘दुखती रग’ आई सामने, क्या सुपर-8 में भारी पड़ेगी ये बड़ी कमजोरी?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read