रिपोर्ट-देवांशु गिरि (जालौन यूपी)
Hamirpur Crime News: हमीरपुर जिले के राठ थाना क्षेत्र के सरसेड़ा माफ गांव में एक 20 वर्षीय युवती ने कथित रूप से मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया. परिजन उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
जानकारी के अनुसार हमीरपुर जिले के राठ थाना क्षेत्र के सरसेड़ा माफ गांव निवासी करन सिंह की 20 वर्षीय पुत्री निशा ने शुक्रवार की शाम घर में जहरीला पदार्थ खा लिया. जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वह तुरंत उसे लेकर इलाज के लिए पहले राठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे.
परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि वहां पर युवती का सही तरीके से इलाज नहीं किया गया. इसके बाद हालत बिगड़ने पर उसे जालौन के उरई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पर मेडिकल कॉलेज उरई पहुंची परिजनों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

मृतका के चाचा हूकूम सिंह ने आरोप लगाया कि निशा की शादी 28 जून को तय थी. उसका रिश्ता अतरौली धगुवा गांव निवासी अमरजीत नामक युवक से हुआ था. शादी की तैयारियां भी चल रही थीं, लेकिन कुछ समय पहले युवक के अत्यधिक शराब पीने की जानकारी मिलने पर परिवार ने यह रिश्ता तोड़ दिया था.
मानसिक दबाव में खाया जहरीला पदार्थ
परिजनों का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद अमरजीत निशा को लगातार परेशान कर रहा था और उसे धमकियां भी दे रहा था. इसी मानसिक दबाव और डर के कारण निशा काफी समय से तनाव में थी. आरोप है कि इसी से परेशान होकर उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली.
युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. मां माया, भाई वीरेंद्र और सुमित सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है. परिजनों ने मामले में युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


