तनु चौधरी, भारत एक्सप्रेस
Drug Gang Bust: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई गैंग का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. उनके पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद हुई हैं. यह दवाएं युवाओं को नशे की लत में धकेल रही थीं. पुलिस की सूझबूझ से इस गैंग की कमर टूट गई.
मुखबिर की सूचना पर जाल बिछाया
7 मार्च की शाम को क्राइम ब्रांच की टीम दिल्ली-एनसीआर इलाके में गुप्त जानकारी जुटा रही थी. शाम करीब 6:20 बजे शास्त्री पार्क के बाबा श्यामगिरी मंदिर के पास एक मुखबिर ने सूचना दी. सूचना थी कि सोनिया विहार का रहने वाला विपिन कुमार पाल अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल जैसी नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई करता है. वह शाम 7:30 से 8:30 बजे के बीच यमुना ब्रिज के पास कश्मीरी गेट की तरफ पंजाब के पटियाला निवासी सलमान खान को दवाओं की खेप देने वाला था.
पुलिस ने तुरंत मौके पर जाल बिछाया. रात करीब 8:25 बजे विपिन कुमार पाल एक प्लास्टिक बोरे के साथ फुटपाथ पर खड़ा दिखा. थोड़ी देर बाद सलमान खान ऑटो से पहुंचा. जैसे ही विपिन ने बोरा सलमान को सौंपा, पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया.
बरामद हुईं हजारों नशीली गोलियां
तलाशी में बोरे से एक कार्टन मिला. इसमें अल्प्राजोलम की 100 डिब्बियां थीं. गिनती करने पर कुल 59,925 गोलियां निकलीं. इनका वजन करीब 8.09 किलो था. आरोपियों के पास कोई वैध बिल या डॉक्टर का प्रिस्क्रिप्शन नहीं था. मौके पर एफएसएल टीम और ड्रग इंस्पेक्टर ने जांच की. उन्होंने इन दवाओं को साइकोट्रॉपिक ड्रग बताया. ये दवाएं बिना डॉक्टर की सलाह के लेना खतरनाक है.
पूछताछ से खुला बड़ा राज
पूछताछ में दोनों ने बताया कि यह खेप मुजफ्फरनगर के अब्दुल रहमान उर्फ रेहान ने मंगाई थी. इसे पंजाब के बरनाला में मनी नाम के व्यक्ति तक पहुंचाना था. पुलिस ने आगे जांच की. 13 मार्च को मुजफ्फरनगर से अब्दुल रहमान उर्फ रेहान और रवि गर्ग को गिरफ्तार कर लिया. उनके किराए के कमरे की तलाशी में रेक्सोजेसिक (ब्यूप्रेनॉर्फिन) के 2000 इंजेक्शन बरामद हुए. ये 80 डिब्बों में पैक थे. कुल मात्रा करीब 4000 मिलीलीटर यानी लगभग 8 किलो थी.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम हैं – सलमान खान (पटियाला, पंजाब), विपिन कुमार पाल (सोनिया विहार, दिल्ली), अब्दुल रहमान उर्फ रेहान (मुजफ्फरनगर, यूपी) और रवि गर्ग (मुजफ्फरनगर, यूपी). पुलिस इनसे आगे के राज खोलने की कोशिश कर रही है. जांच में पता चला है कि यह गैंग दिल्ली, यूपी और पंजाब में सक्रिय था.
नशा रोकने की मुहिम जारी
दिल्ली पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है. यह कार्रवाई उसका एक बड़ा हिस्सा है. पुलिस का कहना है कि ऐसे गैंगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. आम लोगों से अपील है कि अगर उन्हें ऐसी गतिविधियों की जानकारी हो तो पुलिस को बताएं. इससे समाज को नशे से बचाया जा सकता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




