राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उत्तर प्रदेश की अपनी तीन दिवसीय यात्रा पर हैं. शुक्रवार को वे वृंदावन स्थित श्री हित राधा केली कुंज आश्रम जाएंगी, जहां प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेंगी और आध्यात्मिक संवाद करेंगी.
संतों और आश्रमों का दौरा
यात्रा के दौरान राष्ट्रपति नीम करोली बाबा के स्मारक पर भी जाएंगी. इसके अलावा शाम को वे रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन करेंगी. साध्वी ऋतंभरा द्वारा स्थापित संस्था वात्सल्य ग्राम में भी उनका कार्यक्रम है, जो बुजुर्गों और अनाथ बच्चों की देखभाल के लिए जानी जाती है.
गोवर्धन परिक्रमा
राष्ट्रपति की यात्रा 21 मार्च को गोवर्धन के दंगहाटी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ समाप्त होगी. इसके बाद वे सात मील लंबी पारंपरिक गोवर्धन परिक्रमा करेंगी और फिर नई दिल्ली लौटेंगी.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मथुरा और वृंदावन में राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने पूरे जनपद को ‘नो-फ्लाई जोन’ घोषित किया है. यह आदेश 19 मार्च सुबह 10 बजे से लागू हुआ और 21 मार्च शाम 5 बजे तक प्रभावी रहेगा. इस दौरान जिले में ड्रोन, पतंग और गुब्बारे उड़ाने पर पूरी तरह रोक रहेगी.
अयोध्या में स्वागत और धार्मिक अनुष्ठान
राष्ट्रपति मुर्मु 19 मार्च को उत्तर प्रदेश पहुंचीं. अयोध्या में उनका स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने किया.
गुरुवार को उन्होंने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में ‘श्री राम यंत्र’ स्थापित किया. वैदिक मंत्रों के बीच हुए इस अनुष्ठान को मंदिर निर्माण का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है. यह यंत्र मंदिर की दूसरी मंजिल पर स्थापित किया गया है, जिसे अंतिम स्तर माना जाता है. इस स्थापना के साथ मंदिर निर्माण कार्य को पूर्ण माना गया.
ये भी पढ़ें-दिल्ली में मार्च की सबसे ज्यादा बारिश, तापमान गिरा, आज भी ऑरेंज अलर्ट
विद्वानों की मौजूदगी
धार्मिक अनुष्ठान दक्षिण भारत, काशी और अयोध्या के वैदिक विद्वानों की मौजूदगी में हुआ. पुजारी गणेश्वर शास्त्री के मार्गदर्शन में पूरे कार्यक्रम को संपन्न किया गया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

