सुरेश दिवाकर, रामपुर, यूपी
UP News: रामपुर जिले में पुलिस ने एक ऐसी घटना का पर्दाफाश किया है जिसने रिश्तों की मर्यादा को कलंकित कर दिया. एक युवक ने अपनी मुंहबोली मामी से एकतरफा प्यार में इतना अंधा होकर अपने ही मामा की हत्या कर दी और उसे सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की.
कैसे हुआ मामला शुरू?
13 मार्च की रात सैदनगर थाना क्षेत्र के लालपुर रोड किनारे घास में एक शव मिला. पहली नजर में यह सड़क दुर्घटना जैसा लगा. मृतक की पहचान अहमदाबाद गांव निवासी टेलर कलुवा के रूप में हुई. परिवार ने गले और चेहरे पर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की.
पोस्टमार्टम ने खोला राज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि कलुवा की मौत गला घोंटने से हुई है. इसके बाद पुलिस ने असली कातिल की तलाश शुरू की. जांच में सामने आया कि हत्या किसी और ने नहीं बल्कि कलुवा के रिश्तेदार वीरेंद्र ने की थी. वीरेंद्र अपनी मामी यानी कलुवा की पत्नी से एकतरफा प्यार करता था.
साजिश की पूरी कहानी
12 मार्च को वीरेंद्र ने अपने साथी जितेंद्र के साथ मिलकर कलुवा की रेकी की. अगले दिन यानी 13 मार्च की रात तीनों ने साथ बैठकर बीयर पीने का प्लान बनाया. लेकिन यह महज एक चाल थी. जैसे ही कलुवा नशे में हुआ, दोनों ने मफलर से उसका गला दबा दिया और उसकी जान ले ली.
इसके बाद हत्या को हादसा दिखाने के लिए शव को बाइक पर बैठाया गया. एक आरोपी ने बाइक संभाली और दूसरे ने एक्सीलेरेटर दबाया. कुछ दूर जाकर बाइक गिरा दी गई ताकि मामला सड़क दुर्घटना लगे. वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए और शक से बचने के लिए घर लौट आए.
पुलिस की जांच और गिरफ्तारी
पुलिस ने सीडीआर रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर सच्चाई उजागर की. वीरेंद्र और उसके साथी जितेंद्र उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया गया. उनकी निशानदेही पर दो मोबाइल फोन, हत्या में इस्तेमाल किया गया मफलर और एक स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई.
पुलिस का क्या कहना है?
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि शुरुआत में मामला एक्सीडेंट जैसा लगा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या की पुष्टि की. जांच में पता चला कि आरोपी मृतक का दूर का भांजा है, जो उसकी पत्नी से शादी करना चाहता था. एकतरफा इश्क में उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर यह वारदात की.
ये भी पढ़ें-जन्मदिन पार्टी ने ली जान, सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत, बेटी गंभीर रूप से घायल
रिश्तों की आड़ में रची गई यह खौफनाक साजिश आखिरकार पुलिस के सामने बेनकाब हो गई. फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

