24 लोकतांत्रिक देशों में किए गए एक सर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में सामने आए हैं. मॉर्निंग कंसल्ट द्वारा किए गए इस अध्ययन में सात दिनों के औसत व्यूज के आधार पर नेताओं की लोकप्रियता मापी गई. पीएम मोदी (PM Modi) ने बाकी 23 देशों के नेताओं को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया.
जर्मन चांसलर सबसे पीछे
सर्वे में जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ को सबसे कम लोकप्रिय नेता बताया गया. करीब 76% लोगों ने उनके कामकाज से असंतोष जताया. उनकी स्थिति इतनी कमजोर रही कि वे दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग जैसे नेताओं से भी काफी पीछे रह गए.
मर्ज़ की नीतियों से असंतोष
आरटीएल और फोर्सा के सर्वे में भी मर्ज़ की अलोकप्रियता सामने आई थी. यूरोन्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 78% उत्तरदाता उनकी नीतियों से असंतुष्ट हैं. यहां तक कि पूर्व चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ भी उनसे ज्यादा लोकप्रिय रहे. जून 2024 में किए गए एक सर्वे में 28% लोगों ने स्कोल्ज़ के कामकाज को संतोषजनक बताया था.
सुधारों का वादा अधूरा
पिछले साल सत्ता संभालने के बाद मर्ज़ ने कई सुधारों का ऐलान किया था, लेकिन डीडब्ल्यू की रिपोर्ट के मुताबिक, वे वादे पूरे नहीं हो पाए. Deutschlandtrend के ताजा सर्वे में 84% लोगों ने उनके कामकाज को नकारात्मक बताया. उनकी पार्टी सीडीयू/सीएसयू और एसपीडी की लोकप्रियता भी गिर गई है.
अन्य नेताओं की स्थिति
सर्वे में पीएम मोदी (PM Modi) को 70% अप्रूवल रेटिंग मिली. उनके बाद दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग 63% के साथ दूसरे स्थान पर रहे. चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री आंद्रेज बाबिश 55% संतुष्टि के साथ तीसरे स्थान पर आए. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन को 75% असंतोष मिला और वे दूसरे सबसे अलोकप्रिय नेता बने. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 38% समर्थन के साथ 10वें स्थान पर रहे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



