Agra News:आगरा/जे पी सिंह: आगरा के पिनाहट कस्बे में 15 साल के इंतजार के बाद पैदा हुए दो महीने के एक मासूम की टीकाकरण के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने एएनएम पर जबरन टीका लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया.
पिनाहट के मोहल्ला पूरनपुरा में 15 साल बाद जन्मे दो माह के बच्चे को जबरन टीका लगाए जाने का आरोप परिजनों ने एएनएम पर लगाया है. टीका लगने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इससे गुस्साए परिजनों ने सीएचसी पर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
15 साल के लंबे इंतजार के बाद घर में गूंजी थी किलकारी
आगरा के पिनाहट कस्बे के मोहल्ला पूरनपुरा में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. शादी के 15 साल के लंबे इंतजार के बाद जिस घर में बच्चे की किलकारी गूंजी थी, वहां चंद महीनों में ही मातम पसर गया. दो माह के मासूम की अचानक हुई मौत ने परिवार की दुनिया उजाड़ दी है और हर कोई गहरे सदमे में है.
एएनएम पर जबरन टीका लगाने का गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि एएनएम ने उनकी इच्छा के विरुद्ध जाकर जबरन बच्चे को टीका लगाया था. टीका लगने के कुछ ही देर बाद मासूम की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. हालत गंभीर होने पर घबराए परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी.
सीएचसी पिनाहट में परिजनों का हंगामा और पुलिस कार्रवाई
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. गुस्से और गम में डूबे परिजन मृत बच्चे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पिनाहट पहुंच गए और वहां जोरदार हंगामा किया. उन्होंने संबंधित एएनएम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
यह भी पढ़ें-Scotch Rate Cut: व्हिस्की के शौकीनों की बल्ले-बल्ले! दिल्ली में इतने रुपये तक सस्ती हो सकती है स्कॉच
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.







