UP News: मिर्जापुर जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बड़का घुमान मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने दो कारों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें आग की लपटों में घिर गईं और देखते ही देखते 9 लोग जिंदा जल गए. हादसे में कुल 11 लोगों की मौत हो गई, जिसमें ट्रक का चालक और खलासी भी शामिल हैं.
आग ने सब निगल लिया
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कारों में बैठे लोग मदद के लिए चीखते रहे लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कोई भी पास जाकर उन्हें बचा नहीं सका. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और जले हुए शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश की ओर से आ रहा एक ट्रेलर और उसके पीछे चल रहा ट्रक हाईवे पर था. इनके बीच में एक बोलेरो और एक स्विफ्ट डिजायर कार चल रही थीं. अचानक पीछे से आ रहे चना लदे ट्रक ने दोनों कारों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कारें आगे चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ीं और तुरंत आग की चपेट में आ गईं.
कारों में सवार लोग जिंदा जले
हादसे में बोलेरो में बैठे 8 लोग, जिनमें दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल थे, मौके पर ही जिंदा जल गए. स्विफ्ट डिजायर में सिर्फ चालक था, वह भी आग से बच नहीं सका. दूसरी ओर ट्रक का ड्राइवर और खलासी भी हादसे में जान गंवा बैठे. मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है.
हाईवे पर लंबा जाम
इस हादसे के बाद वाराणसी-रीवा हाईवे पर लंबा जाम लग गया. राहत और बचाव कार्य में पुलिस के साथ स्थानीय लोग भी जुटे रहे. फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में है कि इतनी भीषण दुर्घटना आखिर कैसे हुई? प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और तेज रफ्तार से बचें.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

