Urdu Conclave 2026

तस्वीर जो दिल जीत ले! 99 की उम्र में मतदान, कौन हैं वो जिसकी पीएम मोदी ने की जमकर तारीफ

Tamil Nadu election 2026: तमिलनाडु के पूर्व मंत्री डॉ. एच.वी. हांडे ने 99 साल की उम्र में वोट डालकर लोकतंत्र की मिसाल पेश की. पीएम मोदी ने उनके इस कदम की तारीफ करते हुए एक्स पर पोस्ट किया.

99 year old voter in Tamil Nadu election

Tamil Nadu election 2026: गुरुवार (23 अप्रैल) को देश के दो महत्वपूर्ण राज्य पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में वोटिंग हुई. इस मतदान के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने पीएम मोदी तक को तारीफ करने से नहीं रोक पाया. जहां एक तरफ राजनेता और अभिनेता लोगों से वोटिंग की अपील करते दिख रहे थे, वहीं खुद तमिलनाडु सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री ने 99 साल की उम्र में अपना वोट डाला.

1946 में डाला था पहला वोट

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन के कैबिनेट के मंत्री रहे डॉ. एचवी हांडे (Dr. H.V. Hande) भी पोलिंग बूथ पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचे, जहां उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “99 वर्ष की आयु में, मैंने अपने राष्ट्र को अपनी आवाज हासिल करते देखा है और आज मैंने अपनी आवाज का इस्तेमाल किया. मैंने पहली बार 1946 में मेडिकल छात्र के रूप में मतदान किया था. मतदान करना केवल एक अधिकार नहीं है, बल्कि यह हमारे भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है. आपका एक वोट मायने रखता है. बाहर निकलें. खड़े हों. अपनी गिनती करवाएं.”

PM मोदी ने की तारीफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने पूर्व मंत्री डॉ. एचवी हांडे के पोस्ट को एक्स पर रिपोस्ट करते हुए लिखा, “एक बहुत ही महत्वपूर्ण संदेश! मुझे उम्मीद है कि ज्यादा से ज्यादा युवा मतदान करेंगे और हमारे लोकतंत्र को मजबूत करेंगे.”

MGR सरकार में दो बार रहे मंत्री

डॉ. एच.वी. हांडे तमिलनाडु की राजनीति और चिकित्सा क्षेत्र की एक प्रतिष्ठित हस्ती रहे हैं. वे पूर्व मुख्यमंत्री एम.जी. रामचंद्रन की सरकार में दो बार स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं. चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें देश के सर्वोच्च चिकित्सा सम्मान में से एक डॉ. बी.सी. रॉय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. इसके अलावा उन्होंने ‘कम्ब रामायणम्’ का अंग्रेजी गद्य में अनुवाद भी किया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read