Bharat Express DD Free Dish

अब मच्छरों का होगा जोर: विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताए बचने के तरीके, क्या करें और क्या नहीं?

मलेरिया से बचाव के लिए सावधानी बेहद जरूरी है. विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, घर के आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और पूरे बाजू के कपड़े पहनें.

एक मच्छर भी आपके स्वास्थ्य के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर सकता है. विश्व मलेरिया दिवस के मौके पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने एक बार फिर दुनिया को आगाह किया है कि अगर हम थोड़ी सी सावधानी बरतें, तो इस जानलेवा बीमारी को जड़ से मिटाया जा सकता है.

विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि मलेरिया एक ऐसी बीमारी है जिसे आसानी से रोका भी जा सकता है और इसका इलाज भी मुमकिन है. इसके बावजूद, हर साल लाखों लोग इसकी चपेट में आते हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह है जागरूकता की कमी. हम अक्सर तब जागते हैं जब पानी सिर के ऊपर से निकल जाता है. संगठन ने साफ लफ्जों में अपील की है कि मलेरिया से लड़ने के लिए सिर्फ दवाइयां काफी नहीं हैं, बल्कि हमें अपने रहन-सहन और आसपास की सफाई पर ध्यान देना होगा.

मच्छरों को कैसे रोकें?

मलेरिया फैलाने वाले मच्छर गंदे नहीं, बल्कि जमे हुए साफ पानी में भी पनप सकते हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कुछ बहुत ही आसान लेकिन असरदार तरीके बताए हैं:

  • पानी जमा न होने दें: आपके घर के पास पड़ा पुराना टायर, गमले, खाली बाल्टियां या कूलर—ये मच्छरों के लिए ‘ब्रीडिंग ग्राउंड’ यानी अंडे देने की सबसे पसंदीदा जगहें हैं. इन्हें फौरन खाली करें.
  • कपड़ों पर दें ध्यान: फैशन अपनी जगह है, लेकिन शाम ढलते ही पूरी बाजू की शर्ट और फुल पैंट पहनना शुरू कर दें. सूरज डूबने से लेकर सुबह होने तक मच्छर सबसे ज्यादा एक्टिव रहते हैं.
  • जाली और मच्छरदानी का साथ: पुराने जमाने की मच्छरदानी आज भी सबसे सुरक्षित हथियार है. साथ ही, घर की खिड़कियों और दरवाजों पर जाली लगवाएं ताकि दुश्मन घर के अंदर घुस ही न सके.

लक्षणों को कैसे पहचानें?

मलेरिया के शुरुआती लक्षण अक्सर आम फ्लू जैसे लगते हैं. अगर आपको तेज बुखार के साथ शरीर में दर्द, कंपकंपी (ठंड लगना), सिरदर्द या जी मिचलाने जैसी समस्या हो रही है, तो इसे मामूली थकान ना समझें. मलेरिया को अगर शुरुआत में ही पकड़ लिया जाए, तो यह बहुत जल्दी ठीक हो जाता है. लेकिन अगर आप घरेलू नुस्खों के भरोसे बैठे रहे या सही समय पर डॉक्टर के पास नहीं गए, तो यह शरीर के अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है.

यह भी पढ़ें: ‘इस साल इंसानों को फिर से चंद्रमा पर भेजेंगे…’, आइजकमैन बोले- तीन बड़े मिशनों को अंजाम तक पहुंचाएगा NASA

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read