बिहार के बाढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ राणा बीघा गाँव में मामूली सी बात पर एक युवक की जान लेने की कोशिश की गई. जानकारी के अनुसार, गाँव के ही विकास सिंह नाम के व्यक्ति ने राजेश सिंह पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया.
घटना के पीछे की वजह बेहद हैरान करने वाली है. बताया जा रहा है कि आरोपी विकास सिंह शराब के नशे में धुत था. उसने राजेश से पीने के लिए पानी माँगा था, लेकिन जब राजेश ने पानी देने से मना कर दिया, तो गुस्से में आकर विकास ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया. खून से लथपथ राजेश को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया है.
परिजनों का कहना है कि आरोपी और उनके बीच पहले से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था. यह पूरी घटना सिर्फ शराब के नशे और पानी न पिलाने की वजह से हुई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँच गई है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


