MCB Khongapani Water Crisis: एमसीबी/प्रमोद यादव: भीषण गर्मी के बीच एमसीबी जिले के अंतर्गत आने वाले नगर पंचायत खोंगापानी के अधिकांश वार्डों में पानी की किल्लत खुलकर सामने आ रही है. जहां पानी सप्लाई सप्ताह में एक बार होने की बात सामने आ रही है, वहीं जनप्रतिनिधि और वार्ड वासी अपनी-अपनी बात को सामने रख रहे हैं.
‘विकसित भारत’ की परिकल्पना पर उठ रहे सवाल
सबसे बड़ी बात यह है कि जहां देश आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के साथ विकसित भारत की परिकल्पना कर रहा है, ऐसे में मूलभूत सुविधा आम व्यक्तियों के पास ना पहुंच पाना कई प्रश्न खड़े कर रहा है. जब स्वदेश न्यूज़ की टीम ने नगर पंचायत खोंगापानी के वार्डों का निरीक्षण किया, तो धरातल पर पता चला कि पानी की किल्लत का सामना किस प्रकार से लोग कर रहे हैं. यह चुने गए जनप्रतिनिधियों और स्थानीय प्रशासन पर बड़ा सवाल उठा रहा है.
8 से 10 दिनों के अंतराल में मिल रहा है पानी (Water Crisis Khongapani)
आपको जानकर आश्चर्य होगा कि नगर पंचायत खोंगापानी के ऐसे कई वार्ड हैं जहां के लोगों का साफ कहना है कि हमें पानी आठ से दस दिनों के अंतराल में मिल रहा है. इतना ही नहीं, आज भी लोग पेयजल के लिए चुने गए जनप्रतिनिधियों और टैंकर का ही सहारा ले रहे हैं. यानी पेयजल का अभी तक व्यवस्थित तरीके से काम नहीं किया गया है.
ये भी पढ़ें: चिकन पुलाव के बाद खाया तरबूज, मुंबई में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत; रिश्तेदार कैसे सलामत?
आगामी दिनों में बढ़ सकती है दिक्कत (Khongapani Water tanker supply)
वहीं आगामी दिनों में गर्मी के बढ़ते तापमान के बीच नगर पंचायत खोंगापानी के लोग पेयजल के लिए और भी कई समस्याओं का सामना कर सकते हैं. दूसरी ओर नगर पंचायत खोंगापानी की अध्यक्ष का कहना है कि जिन वार्डों में पानी की ज्यादा दिक्कत है, हम उन्हें टैंकर के माध्यम से पानी की व्यवस्था कर रहे हैं. अब देखने वाली बात होगी कि नगर पंचायत खोंगापानी में पेयजल की व्यवस्था के लिए नगर पंचायत और स्थानीय प्रशासन आगामी दिनों में क्या व्यवस्था सुनिश्चित कर पाते हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

