Bharat Express DD Free Dish

ड्रेसिंग रूम में कश लगाते दिखे राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग; क्या मुश्किल में है राजस्थान रॉयल्स?

मुल्लांपुर में खेले गए RR vs PBKS मैच के दौरान रियान पराग विवादों के घेरे में आ गए हैं. लाइव ब्रॉडकास्ट में उन्हें ड्रेसिंग रूम के अंदर वेप करते देखा गया, जो भारत में कानूनी रूप से प्रतिबंधित है. अब उन पर भारी जुर्माना और बैन का खतरा मंडरा रहा है.

Riyan Parag, IPL 2026, Vaping Viral Video

Riyan Parag Viral Video: IPL के मैदान पर अक्सर बल्ले और गेंद की जंग सुर्खियां बटोरती है, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग है. राजस्थान रॉयल्स के स्टार खिलाड़ी और कप्तान रियान पराग एक ऐसी वजह से चर्चा में आ गए हैं, जिसने क्रिकेट प्रेमियों और बीसीसीआई (BCCI) की नींद उड़ा दी है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो और कुछ तस्वीरें आग की तरह फैल रही हैं, जिनमें रियान पराग कथित तौर पर ड्रेसिंग रूम के अंदर ‘वैपिंग’ (ई-सिगरेट) करते नजर आ रहे हैं.

आखिर पूरा मामला है क्या?

यह वाकया 28 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान का बताया जा रहा है. जब राजस्थान की टीम रन चेज कर रही थी, तब कैमरे में कुछ ऐसा कैद हुआ जिसने सबको हैरान कर दिया. वीडियो में दिख रहा है कि रियान पराग ड्रेसिंग रूम में बैठे हुए ई-सिगरेट का कश लगा रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि वह यह सब अकेले में नहीं, बल्कि टीम के बाकी खिलाड़ियों और कोचों की मौजूदगी में कर रहे थे.

कानून और अनुशासन का उल्लंघन

इस हंगामे की सबसे बड़ी वजह यह है कि भारत में ‘प्रोहिबिशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट एक्ट 2019’ के तहत वैपिंग पूरी तरह बैन है. ऐसे में एक नेशनल आइकन का सार्वजनिक रूप से ऐसा करना न सिर्फ खेल भावना के खिलाफ है, बल्कि कानून का उल्लंघन भी माना जा रहा है. सोशल मीडिया पर फैंस इस बात को लेकर खासे नाराज हैं कि एक जिम्मेदार खिलाड़ी ऐसी हरकत कैसे कर सकता है.

ये भी पढ़ें- स्टोइनिस-प्रभसिमरन की तूफानी पारी, आरआर के खिलाफ पीबीकेएस ने 4 विकेट खोकर बनाए 222 रन

टीम मैनेजमेंट पर भी उठे सवाल

उंगलियां सिर्फ रियान पर ही नहीं, बल्कि राजस्थान रॉयल्स के मैनेजमेंट पर भी उठ रही हैं. ड्रेसिंग रूम में अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी टीम के अधिकारियों की होती है. सवाल यह है कि आखिर उन्हें वैपिंग की इजाजत मिली कैसे? गौर करने वाली बात यह भी है कि इसी ड्रेसिंग रूम में वैभव सूर्यवंशी जैसे महज 15 साल के उभरते खिलाड़ी भी मौजूद हैं. ऐसे में सीनियर खिलाड़ियों का ऐसा बर्ताव युवाओं पर क्या असर डालेगा, यह एक गंभीर चिंता का विषय है.

फिलहाल, तस्वीरें और वीडियो चीख-चीख कर गवाही दे रहे हैं कि कुछ तो गड़बड़ हुई है. अब सबकी नजरें बीसीसीआई पर टिकी हैं कि क्या बोर्ड इस अनुशासनहीनता पर रियान पराग के खिलाफ कोई कड़ा एक्शन लेगा या इसे महज एक गलती मानकर छोड़ दिया जाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read