Bharat Express DD Free Dish

सोना-चांदी की कीमतों में लगी आग: रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे दाम, चांदी ने तोड़ी 2.5 लाख की दीवार

वैश्विक अस्थिरता और औद्योगिक मांग के चलते कीमती धातुओं के दाम आसमान छू रहे हैं. दिल्ली से मुंबई तक चांदी की कीमत ₹2.5 लाख प्रति किलोग्राम के पार निकल गई है, जबकि 24 कैरेट सोना ₹15,000 प्रति ग्राम (₹1.5 लाख प्रति 10 ग्राम) के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया है.

Gold Silver Price Today, Gold Price India, Silver Rate Today

Gold Silver Price Today: अगर आप शादी-ब्याह के इस सीजन में सोना या चांदी खरीदने की सोच रहे हैं, तो आज की ताजा कीमतें आपको थोड़ा चौंका सकती हैं. शनिवार को सर्राफा बाजार से लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स तक, कीमती धातुओं की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा गया है. गुडरिटर्न्स के आंकड़ों पर गौर करें तो आज सोने और चांदी, दोनों के भाव आसमान छू रहे हैं.

सोने के भाव में आई बड़ी तेजी

शनिवार को 24 कैरेट सोने की कीमत में प्रति 10 ग्राम 330 रुपये की बढ़त दर्ज की गई. इस तेजी के बाद अब शुद्ध सोना 1,50,930 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है. वहीं, अगर हम सर्राफा बाजार की बात करें तो गुरुवार शाम को बाजार बंद होने के समय कीमतें 1.54 लाख रुपये के आसपास थीं.

चूंकि शुक्रवार को मजदूर दिवस के कारण बाजार बंद रहा और आज शनिवार होने की वजह से कोई नया कारोबार नहीं हुआ, इसलिए सर्राफा बाजारों में अभी वही पुरानी कीमतें लागू हैं.

चांदी ने मचाया तहलका, 2.65 लाख के पार

सबसे ज्यादा हैरान चांदी की कीमतों ने किया है. इसमें एक ही दिन में 10,000 रुपये प्रति किलो का भारी उछाल देखा गया, जिसके बाद चांदी की कीमत बढ़कर 2.65 लाख रुपये प्रति किलो हो गई है. हालांकि, अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर इसके भाव अलग दिख रहे हैं. जहां गुडरिटर्न्स पर यह 2.65 लाख है, वहीं एमसीएक्स पर चांदी का भाव शुक्रवार को करीब 2,47,500 रुपये पर बंद हुआ था.

ये भी पढ़ें- तेल कंपनियों ने जारी की पेट्रोल-डीजल की नई कीमतें, जानें आपके शहर में कितने बदले दाम

बाजार में क्यों आई यह अचानक तेजी?

अब सवाल उठता है कि आखिर अचानक कीमतों में यह उबाल क्यों आया? एक्सपर्ट्स का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिकी डॉलर की वैल्यू में आई गिरावट और बॉन्ड यील्ड में नरमी ने सोने-चांदी को सहारा दिया है. जब डॉलर कमजोर होता है, तो निवेशकों के लिए सोना खरीदना सस्ता और आकर्षक हो जाता है. यही वजह है कि निचले स्तरों पर जमकर खरीदारी हुई, जिससे कीमतों में फिर से जान आ गई.

अगला अपडेट कब?

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर शनिवार और रविवार को कोई कारोबार नहीं होता है. शुक्रवार को बाजार बंद होने तक सोने की जून डिलीवरी मामूली बढ़त के साथ 1,51,363 रुपये पर रुकी थी. अब सोने-चांदी की चाल कैसी रहेगी, इसका सही अंदाजा सोमवार सुबह 9 बजे बाजार खुलने पर ही लग पाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read