Bharat Express DD Free Dish

सांगली में मंगल को अमंगल: मंदिर की दीवार में दबने से 6 की मौत; पीएम मोदी ने जताया दुख

Maharashtra Sangli Temple Accident: महाराष्ट्र के सांगली जिले में आंधी-तूफान के कारण देवी मर्गूबाई मंदिर की निर्माणाधीन दीवार ढह गई. हादसे में 6 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई और 20 घायल हैं. हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया है.

Maharashtra Sangli Temple Accident

Maharashtra Sangli Temple Accident: महाराष्ट्र के सांगली जिले में मंगलवार की रात एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया. जत तहसील के मोटेवाड़ी स्थित देवी मर्गूबाई मंदिर में अचानक आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण एक निर्माणाधीन दीवार ढह गई. इस भयानक प्राकृतिक आपदा में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.

अचानक बदला मौसम और टूट पड़ा कहर (Sangli Temple Wall Collapse)

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार का दिन होने के कारण देवी मर्गूबाई मंदिर में माता के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए करीब 350 से ज्यादा श्रद्धालु इकट्ठा हुए थे. रात के समय अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज तूफानी हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई.

बारिश और तूफान से बचने के लिए कई श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के पास ही बन रही एक निर्माणाधीन कच्ची दीवार की पनाह ले ली. बताया जा रहा है कि तूफान इतना भयंकर था कि पास लगा एक टीन शेड उड़कर उस दीवार की ईंटों से जा टकराया. टक्कर लगते ही कच्ची दीवार भरभराकर गिर पड़ी और आश्रय लिए हुए श्रद्धालु मलबे के नीचे दब गए.

स्थानीय लोगों ने की मदद (Margebai Temple Motewadi Sangli)

दीवार ढहने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया. सूचना मिलते ही जत थाना पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई. हादसे में 6 श्रद्धालुओं ने अपनी जान गंवा दी है. घायलों की संख्या 20 से अधिक बताई जा रही है, जिनमें कुछ बच्चे भी शामिल हैं. सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका सघन इलाज जारी है. जत पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: जहां खाक हुआ था अजित पवार का प्लेन, बारामती के उसी गांव में एक विमान क्रैश; कैसे हुआ हादसा?

पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख

सांगली में हुए इस हृदयविदारक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है. पीएम मोदी ने प्राकृतिक आपदा का शिकार हुए श्रद्धालुओं के पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है. प्रशासन द्वारा भी पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया जा रहा है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read