सुरेश दिवाकर/रामपुर
Police Encounter UP: उत्तरप्रदेश के रामपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ देखने को मिली है. थाना भोट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो शातिर गौकशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए. पकड़े गए आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके पास से अवैध हथियारों समेत गोकशी का सामान बरामद हुआ है.
उत्तरप्रदेश के रामपुर के थाना भोट क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो हिस्ट्रीशीटर गौकश, बाबू बच्चा और इरफान, पैर में गोली लगने से घायल हो गए. आरोपियों ने भागने की कोशिश में पुलिस पर फायरिंग की थी. पुलिस ने उनके पास से हथियार, मोटरसाइकिल और मांस काटने के उपकरण बरामद किए हैं. दोनों आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
घेराबंदी और मुठभेड़
रामपुर के पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भोट पुलिस रात्रि गश्त पर थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कोयली के जंगल में दो संदिग्ध गौकश किसी पशु की तलाश में घूम रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने कोयली-बघी रोड पर घेराबंदी की. तभी एक काली मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखे, जिन्हें रुकने का इशारा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी.
जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की. इस मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े. पुलिस ने तत्काल दोनों को हिरासत में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान बाबू बच्चा (थाना गंज) और इरफान उर्फ पतला (थाना स्वार) के रूप में हुई है.
बरामदगी और आपराधिक इतिहास
पुलिस ने मौके से दो अवैध तमंचे (315 बोर), कारतूस, एक मोटरसाइकिल और गोकशी के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण जैसे गंडासा, छुरियां, रस्सियां और लकड़ी का गट्टा बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अपने-अपने क्षेत्रों के हिस्ट्रीशीटर हैं और उन पर गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं.
यह भी पढ़ें: सिद्धार्थ से लेकर शेफाली तक और अब प्रतीक यादव! जिम फ्रीक और ‘स्टील’ जैसी बॉडी…कच्ची उम्र में कैसे दगा दे रहा हार्ट?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
