Bharat Express DD Free Dish

मदर डेयरी ने दूध के दाम बढ़ाए, जानें अब कौन-सा दूध कितना महंगा हुआ और आपके बजट पर कितना असर पड़ेगा?

Mother Dairy Milk Price: मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है. नई दरें 14 मई 2026 से लागू होंगी. दिल्ली-एनसीआर में टोंड दूध 58 रुपये और फुल क्रीम दूध 72 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. अमूल ने भी पहले दाम बढ़ाए थे.

Mother Dairy Milk Price: मदर डेयरी ने बुधवार को घोषणा की कि दूध की बढ़ती खरीद लागत को देखते हुए कीमतें बढ़ाई जा रही हैं. कंपनी ने अलग-अलग श्रेणी के दूध पर 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है. नई दरें 14 मई 2026 से लागू होंगी. कंपनी का कहना है कि पिछले एक साल में किसानों से दूध खरीदने की लागत लगभग 6 प्रतिशत बढ़ गई है.

अमूल ने पहले ही बढ़ाए थे दाम

मदर डेयरी से पहले अमूल भी दूध की कीमतें बढ़ा चुका है. अमूल ने भी 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी. कंपनी का कहना है कि वह अपनी कमाई का 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है, ताकि उत्पादन और किसानों की आय दोनों सुरक्षित रहें.

दिल्ली-एनसीआर में नई दरें

नई कीमतों के बाद दिल्ली-एनसीआर में खुला टोंड दूध अब 58 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जो पहले 56 रुपये था. फुल क्रीम दूध का पाउच अब 72 रुपये प्रति लीटर हो गया है. टोंड मिल्क की कीमत 60 रुपये प्रति लीटर और डबल टोंड दूध 54 रुपये प्रति लीटर हो गया है. वहीं गाय का दूध अब 62 रुपये प्रति लीटर मिलेगा.

हर दिन 35 लाख लीटर की बिक्री

मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है. कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष में डेयरी उत्पादों और खाद्य तेलों की मजबूत मांग के चलते 17 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 20,300 करोड़ रुपये का कारोबार किया.

ये भी पढ़ें-मोदी सरकार का तोहफा: गुजरात में तैयार होगा देश का पहला सेमी हाई-स्पीड डबल रेल कॉरिडोर, गृह मंत्री अमित शाह ने जताई खुशी

घरेलू बजट पर असर

कंपनी का कहना है कि लंबे समय तक कीमतें स्थिर रखी गई थीं ताकि ग्राहकों पर बोझ न पड़े. लेकिन अब लागत बढ़ने के कारण यह कदम उठाना जरूरी हो गया. दूध रोजाना इस्तेमाल होने वाली वस्तु है, इसलिए इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों के घरेलू खर्च पर पड़ेगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read