MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां के खेजड़ा महाराजा गांव में रहने वाली एक युवती अपने पूरे परिवार को खाने में नींद की गोलियां खिलाकर प्रेमी के साथ घर से भाग गई. इस घटना से आहत होकर और पुलिस द्वारा समय पर सुनवाई न किए जाने से दुखी युवती के चाचा लक्ष्मीनारायण ने आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है और आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया.
परिवार को बेहोश कर प्रेमी संग निकली युवती
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते 14 नवंबर की है. युवती ने घर से भागने की साजिश रचते हुए पहले परिवार के सभी सदस्यों के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं. जब माता-पिता और चाचा गहरी नींद में सो गए, तो वह लखनवास निवासी अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई. काफी देर बाद जब परिजनों को होश आया, तो उन्हें इस घटना का पता चला. अगली सुबह पीड़ित परिवार शिकायत लेकर थाने पहुंचा, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज करना तो दूर, उनकी फरियाद तक गंभीरता से नहीं सुनी.
पुलिस की बेरुखी से टूट गए चाचा
परिजनों का कहना है कि चाचा लक्ष्मीनारायण अपनी भतीजी से बेहद स्नेह रखते थे और उन्होंने ही उसकी पढ़ाई-लिखाई की पूरी जिम्मेदारी उठा रखी थी. भतीजी के इस कदम से वे पहले ही गहरे सदमे में थे. ऊपर से आरोपी युवक की ओर से परिवार को लगातार मिल रही धमकियों और पुलिस की लापरवाही ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया, जिसके चलते उन्होंने संदिग्ध परिस्थितियों में जान दे दी.
चाचा की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने थाना प्रभारी को हटाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की. हालात बिगड़ते देख एसडीओपी रामस्नेही चौहान पांच थानों के पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए हर पहलू से मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: 177 करोड़ के टॉरेस ज्वेलरी घोटाले का आरोपी पहुंचा भारत, रोमानिया से प्रत्यर्पित हुआ यूक्रेनी नागरिक; ED करेगी पूछताछ
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




