Torres Jewellery Scam: हजारों निवेशकों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले चर्चित 177 करोड़ रुपये के ‘टॉरेस ज्वेलरी’ निवेश घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. इस पूरे फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में वांटेड यूक्रेनी नागरिक Oleksandr Zapichenko को रोमानिया से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है. मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को आरोपी को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की टीम मुंबई पहुंची. अब ED उसे मुंबई की विशेष अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है, ताकि इस अंतरराष्ट्रीय ठगी नेटवर्क की परतें खोली जा सकें.
हर हफ्ते 6 से 11 फीसदी मुनाफे का झांसा देकर लूटे 177.12 करोड़ रुपये
जांच एजेंसी के मुताबिक, टॉरेस ज्वेलरी ब्रांड के नाम से शोरूम चलाने वाली कंपनी ‘मेसर्स प्लैटिनम हर्न प्राइवेट लिमिटेड’ (M/s Platinum Hern Private Limited) ने आम निवेशकों को हर हफ्ते 6 से 11 फीसदी तक भारी-भरकम रिटर्न देने का लालच दिया था. इसके साथ ही रेफरल बोनस का जाल बिछाकर मल्टी-लेवल मार्केटिंग (MLM) आधारित पोंजी स्कीम के जरिए बड़ी संख्या में छोटे निवेशकों से रकम जुटाई गई. ED ने इस घोटाले में अपराध से अर्जित कुल रकम करीब 177.12 करोड़ रुपये आंकी है.
आरोप है कि निवेशकों से वसूली गई इस नकदी को हवाला के जरिए विदेश भेजा गया और फिर उसे अमेरिकी डॉलर से जुड़ी क्रिप्टोकरेंसी ‘USDT’ में बदल दिया गया. जापिचेंको इस पूरे कैश और क्रिप्टो लेनदेन का मुख्य सूत्रधार बताया जा रहा है.
कब और कैसे पकड़ा आरोपी?
घोटाले का भंडाफोड़ होने के बाद जापिचेंको भारत से फरार हो गया था. इसके बाद 3 नवंबर 2025 को मुंबई की विशेष PMLA अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया और ED के अनुरोध पर इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस निकाला. इसी आधार पर 23 मई 2026 को रोमानिया में उसकी गिरफ्तारी हुई.
बुखारेस्ट की अदालत और फिर कोर्ट ऑफ अपील्स से प्रत्यर्पण की मंजूरी मिलने के बाद CBI, ED, विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और UAE के अधिकारियों के आपसी तालमेल से उसे भारत लाया जा सका. इससे पहले मार्च 2025 में ED ने अल्पेश प्रवीणचंद्र खारा को गिरफ्तार किया था. अब जापिचेंको से पूछताछ में कई बड़े नामों और विदेशी खातों का खुलासा होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: रोमानिया से भारत लाया जा रहा यूक्रेनी नागरिक, 11% साप्ताहिक रिटर्न का लालच देकर की थी करोड़ों की ठगी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






