Mumbai CNG Price Hike: मायानगरी में रहने वालों के लिए आज की सुबह महंगाई की एक कड़वी खबर लेकर आई है. दरअसल रसोई गैस और दूध की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के बाद अब सीएनजी (CNG) भी महंगी हो गई है. महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने गैस की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी का ऐलान किया है.
बता दें कि इस फैसले के बाद मुंबई में अब सीएनजी का रेट 84 रुपये प्रति किलो पहुँच गया है, जिसका सीधा असर शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले ऑटो, टैक्सी और बसों के किराए पर पड़ना तय है.
क्यों बढ़े दाम?(Mumbai CNG Price Hike)
महानगर गैस लिमिटेड के मुताबिक, यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में मची हलचल का नतीजा है. कंपनी ने साफ किया है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की वजह से वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता है. इसके अलावा, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपये में आई गिरावट ने गैस खरीद की लागत (Gas Procurement Cost) को बढ़ा दिया है, जिसकी भरपाई अब आम जनता की जेब से की जा रही है.
ऑटो-टैक्सी का सफर होगा महंगा?
सीएनजी के दाम बढ़ने से मुंबई के परिवहन तंत्र में हड़कंप मच गया है. आंकड़ों के मुताबिक, इस बढ़ोतरी से ऑटो रिक्शा की प्रति किलोमीटर संचालन लागत में लगभग 1.03 रुपये का इजाफा होगा. परिवहन विभाग और टैक्सी यूनियनों के बीच अब किराए में संशोधन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. अगर जल्द ही किराया बढ़ता है, तो रोज सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए घर का बजट संभालना मुश्किल हो जाएगा.
12 लाख से ज्यादा वाहन प्रभावित
मुंबई और आसपास के इलाकों (MMR) में करीब 12.8 लाख वाहन सीएनजी पर निर्भर हैं. इसमें 4.7 लाख ऑटो, 1.6 लाख टैक्सियाँ और 5 लाख से ज्यादा निजी कारें शामिल हैं. निजी वाहनों के अलावा, मुंबई की शान ‘बेस्ट’ (BEST) और राज्य परिवहन (ST) की हजारों बसें भी इस फैसले से प्रभावित होंगी. सीएनजी को ‘सस्ता और स्वच्छ’ ईंधन मानकर अपनाने वाले लाखों लोगों के लिए अब यह सौदा महंगा साबित हो रहा है.
ये भी पढ़ें-मौसम का ‘मल्टीपल’ अवतार: कहीं आंधी-बारिश की आफत तो कहीं लू का टॉर्चर, जानें आज अपने शहर का हाल
चौतरफा महंगाई की मार
यह बढ़ोतरी ऐसे समय में आई है जब मुंबईकर पहले से ही अमूल और मदर डेयरी के बढ़े हुए दूध के दामों और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से जूझ रहे हैं. परिवहन महंगा होने का सीधा मतलब है कि आने वाले दिनों में फल, सब्जी और अनाज जैसी जरूरी चीजों की ढुलाई लागत भी बढ़ेगी, जिससे बाजार में खुदरा महंगाई का एक और दौर शुरू हो सकता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



