केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 14 से 16 मई तक सिक्किम के दौरे पर रहेंगे. उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब पूरा राज्य सिक्किम स्थापना दिवस का जश्न मना रहा है. इस दौरान कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत और उद्घाटन भी किए जाएंगे, जिनका सीधा असर राज्य के पर्यटन, खेती, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर पर देखने को मिल सकता है.
सरकार की तरफ से इस दौरे को लेकर एक अलग संदेश भी देने की कोशिश की गई है. बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और मौजूदा वैश्विक हालात को ध्यान में रखते हुए मंत्री के साथ जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और गाड़ियों की संख्या काफी सीमित रखी गई है. सरकार का कहना है कि इसका मकसद फिजूलखर्ची रोकना, ईंधन की बचत करना और सरकारी खर्च को जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करना है.
गंगटोक में होगा बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन
गंगटोक में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के साथ शामिल होंगे. इस मौके पर उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय की कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा. इनमें सिक्किम की पहचान मानी जाने वाली ऑर्गेनिक फार्मिंग परियोजना भी शामिल है. राज्य लंबे समय से जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए जाना जाता है और सरकार इसे देश के सामने एक मॉडल के तौर पर पेश करती रही है.
तीन दिन के इस दौरे में सिंधिया नामची, रावांगला, यांगांग और गंगटोक जैसे इलाकों में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. उनके कार्यक्रम में सिक्किम राज्य विश्वविद्यालय का दौरा, मशहूर टेमी टी गार्डन की यात्रा, बुद्ध पार्क का निरीक्षण और भालेडुंगा स्काईवॉक परियोजना का जायजा लेना शामिल है. इसके अलावा नाथूला में चल रही एनईएसआईडीएस-ओटीआरआई परियोजना भी उनके दौरे का हिस्सा रहेगी.
ईंधन बचत को लेकर पीएम मोदी का बड़ा संदेश
दरअसल, पिछले कुछ समय से प्रधानमंत्री मोदी लगातार लोगों से ईंधन बचाने और देश के संसाधनों का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील कर रहे हैं. उन्होंने लोगों को मेट्रो, कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल के लिए भी प्रेरित किया है. साथ ही विदेशी यात्राओं की जगह देश के भीतर पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही है.
इसी सोच का असर अब सरकारी व्यवस्थाओं में भी दिखाई देने लगा है. हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी के काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या भी कम की गई थी. सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में उनका काफिला पहले के मुकाबले काफी छोटा नजर आया.
यह भी पढ़ें: Ghaziabad Police Encounter: पुलिस मुठभेड़ में शातिर अपराधी के पैर में लगी गोली; तीन आरोपी गिरफ्तार
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

