Mumbai Murder Case
Mumbai Murder Case: मुंबई के मुंब्रा इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने प्रेमी को मारकर नीले ड्रम में पैक कर नाले में फेंक दिया था. उसके इस कांड में भाई और पति ने भी साथ दिया. मुंब्रा पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमिका और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं दो आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से फरार हैं.
यह पूरा मामला 3 अप्रैल 2026 का है. जहां मुंब्रा इलाके का रहने वाला अरबाज मकसूद अली खान अपने घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन काफी देर होने के बाद भी वापस नहीं लौटा. परिजनों के काफी तलाश करने के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला तो उन्होंने पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी दर्ज कराई.
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने तकनीकी जांच और सर्विलांस के जरिये जांच के दायरे को आगे बढ़ाया. इसी दौरान पुलिस को अरबाज की अंतिम लोकेशन वर्सोवा इलाके में मिली. पुलिस ने जब जांच को और आगे बढ़ाया तो उन्हें अरबाज की कथित प्रेमिका मेहजबीन शेख की भी लोकेशन उसी इलाके में मिल गई.
पूछताछ में गर्लफ्रैंड ने उगले राज
जांच अधिकारियों ने शक के आधार पर मेहजबीन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. शुरुआत में तो उसने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन जब पुलिस सख्ती से पूछताछ की तो उसने राज उगल दिये.
प्रेमिका मेहजबीन शेख ने बताया कि उसने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज से फिरौती मांगने और हत्या की साजिश को ठिकाने लगाने की साजिश रची. इस वारदात में भाई तारिक शेख के दोस्त भी शामिल थे.
पैसे के बहाने बुलाया और मार डाला
आरोपियों ने अरबाज को पैसे के बहाने वर्सोवा बुलाया और उससे पैसे की मांग की. जब पैसा नहीं मिला तो उन्होंने उसके हाथ पैर बांधकर पाइप से उसकी जमकर पिटाई की, फिर बाद में गर्दन दबाकर मौत के घाट उतार दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को हरे रंग के ड्रम में भर दिया और उसे नाले में फेंककर फरार हो गए.
ये भी पढ़ें- बिहार में नौकरियों की बहार! सम्राट सरकार ने आधी रात जारी किया पुलिस भर्ती का नोटिफिकेशन
इस मामले में महिला मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख गिरफ्तार हो चुके हैं. वहीं दो आरोपी जिसमें महिला का पति हसन और एक अन्य आरोपी मुजम्मल पठान फरार चल रहे हैं. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




