Bharat Express DD Free Dish

आगरा में भीषण गर्मी के बीच खिली बच्चों की मुस्कान, नगर निगम की पानी की फुहारों ने दिलाई राहत; वीडियो वायरल

ताजनगरी आगरा में पड़ रही भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली धूप के बीच सोशल मीडिया पर एक दिल को छू लेने वाला वीडियो वायरल हो रहा है. आगरा कैंट स्टेशन के पास जब नगर निगम की गाड़ी सड़कों पर पानी का छिड़काव कर रही थी, तब स्कूली बच्चे तपती दोपहर को भूलकर ठंडी बौछार के नीचे मस्ती करते नजर आए.

Agra News, Heat Wave, Viral Video

Agra News: आगरा में इन दिनों गर्मी अपने चरम पर है. तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं ने लोगों की दिनचर्या तक बदल दी है. दोपहर होते-होते सड़कें सूनी नजर आने लगती हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, रिक्शा चालकों और राहगीरों को हो रही है, जिन्हें इस तपती गर्मी में भी बाहर रहना पड़ रहा है.

शुक्रवार को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के पास एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने भीषण गर्मी के बीच लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी. नगर निगम की ओर से सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा था ताकि लोगों को थोड़ी राहत मिल सके. जैसे ही पानी छिड़कने वाला वाहन स्टेशन के पास पहुंचा, वहां मौजूद कई स्कूली बच्चे उसकी ओर दौड़ पड़े.

फुहारों में दिखा बचपन का उत्साह

गर्मी से परेशान बच्चे पानी की ठंडी बौछार पड़ते ही खिल उठे. किसी ने हाथ फैलाकर फुहारों का आनंद लिया तो कोई वाहन के पीछे दौड़ता नजर आया. स्कूली ड्रेस पहने बच्चे कुछ देर के लिए गर्मी भूलकर मस्ती में डूब गए. उनके चेहरे की खुशी साफ बता रही थी कि इस तपती दोपहर में पानी की कुछ बूंदें भी कितनी बड़ी राहत बन गई थीं.

वहां मौजूद लोगों ने इस पूरे नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया. देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में बच्चों की मासूम खुशी और गर्मी से राहत पाने की कोशिश लोगों को काफी पसंद आ रही है.

ये भी पढ़ें- हमीरपुर में सनसनी: बेतवा नदी के बीच राजा हमीर के खंडहर से निकले प्राचीन सिक्के!

लोगों को याद आया अपना बचपन

सोशल मीडिया पर वीडियो देखने वाले कई लोगों ने इसे बचपन की सादगी और छोटी-छोटी खुशियों से जोड़कर देखा. कई यूजर्स ने लिखा कि भीषण गर्मी के बीच बच्चों की यह मुस्कान दिल को सुकून देने वाली है. कुछ लोगों ने नगर निगम की पहल की सराहना भी की, क्योंकि पानी के छिड़काव से सड़क पर चलने वाले लोगों को राहत मिल रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एकसप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read