Bharat Express DD Free Dish

सिंघम स्टाइल में अमरोहा पुलिस! एक ही रात में दो एनकाउंटर, बदमाशों की फायरिंग का ऐसे दिया मुंहतोड़ जवाब

अमरोहा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो बड़ी सफलताएं हासिल की हैं. पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

रिपोर्ट- अरुण चहल


अमरोहा में पुलिस ने अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अपनी सख्ती का एक बार फिर साफ संदेश दिया है. एक ओर जहां रजबपुर क्षेत्र में अपहरण के एक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने युवक को सुरक्षित बचा लिया, वहीं दूसरी ओर सैदनगली पुलिस ने भैंस चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों ही मामलों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ भी हुई.

रजबपुर में अपहरण कांड का खुलासा

पहली कार्रवाई रजबपुर थाना क्षेत्र की है, जहां नौगावां सादात इलाके से अगवा किए गए 29 वर्षीय दीपांशु चौहान को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बदमाश युवक को इलाके में लेकर घूम रहे हैं. इस जानकारी के बाद पुलिस टीम ने तुरंत इलाके में घेराबंदी की.

जैसे ही पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी. मौके से कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस ने घटनास्थल से एक सफेद रंग की फ्रॉन्क्स कार, दो तमंचे, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं. घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है. यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के निर्देश पर की गई.

सैदनगली में भैंस चोरी गिरोह का पर्दाफाश

दूसरी बड़ी कार्रवाई सैदनगली थाना क्षेत्र में देखने को मिली, जहां पुलिस ने चोरी की गई तीन भैंसों को बरामद करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस को सूचना मिली थी कि दो गांवों से चोरी की गई भैंसों को एक छोटे हाथी वाहन में लादकर बेचा जाने के लिए ले जाया जा रहा है.

हुसैनपुर पुलिया पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने वाहन पुलिस टीम की ओर मोड़ दिया और भागने का प्रयास किया. इसी दौरान एक आरोपी ने भागते हुए फायरिंग कर दी, जिसमें कांस्टेबल रोहित कुमार बाल-बाल बच गए. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे काबू कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फूलकुवंर, लुकमान और दानिश कुरैशी के रूप में हुई है. इनके कब्जे से चोरी की तीन भैंस, एक अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल किया गया वाहन भी बरामद किया गया है.

पुलिस का सख्त संदेश

अमरोहा पुलिस की इन दो बड़ी कार्रवाइयों के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पुलिस की इस सख्ती से साफ है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा और भी कड़ा किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: ट्रंप का ‘अल्टीमेटम’, ईरान की धमकी…और मच गई सर्राफा बाजार में खलबली! जानें गोल्ड-सिल्वर के भाव में क्या हुआ बदलाव?

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read