Ajab Gajab News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक अनोखी लेकिन विवादित “फेक मैरिज पार्टी” को लेकर माहौल गर्म हो गया. मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के कोसी एयरो क्लब रिसोर्ट का है, जहां 30 मई को एक थीम बेस्ड पार्टी आयोजित की जानी थी. इस इवेंट में कपल्स को दूल्हा-दुल्हन की तरह तैयार होकर पहुंचना था और शादी जैसी रस्मों के साथ पार्टी का आयोजन होना था. लेकिन आयोजन की जानकारी सामने आते ही आसपास के गांवों के लोग और हिंदू संगठन नाराज हो गए.
रात में रिसोर्ट पहुंच गए ग्रामीण
रविवार देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण रिसोर्ट पहुंच गए और पार्टी के खिलाफ विरोध जताने लगे. लोगों का कहना था कि हिंदू धर्म में विवाह सिर्फ एक रस्म नहीं बल्कि 16 संस्कारों में से एक पवित्र संस्कार माना जाता है. ऐसे में “फेक मैरिज” जैसे आयोजन से शादी की परंपरा का मजाक उड़ाया जा रहा है और इससे धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं.
हिंदू संगठनों ने भी जताया विरोध
मामला बढ़ने पर भिलाई नगर हिंदू युवा मंच समेत कई संगठनों ने भी विरोध शुरू कर दिया. मंगलवार को संगठन के कार्यकर्ताओं ने जेवरा सिरसा चौकी पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा और इवेंट पर रोक लगाने की मांग की. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि मनोरंजन के नाम पर धार्मिक और सामाजिक परंपराओं को गलत तरीके से पेश नहीं किया जाना चाहिए.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रिसोर्ट प्रबंधन व ग्रामीणों के बीच चल रही बहस को शांत कराने की कोशिश की. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में तनाव बढ़ने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका थी. इसी को देखते हुए रिसोर्ट के मैनेजर ब्रह्म दत्त पांडे के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई. उन्हें बाद में एसडीएम कोर्ट में भी पेश किया गया.
ये भी पढ़ें- क्या सुलझ गई बरमूडा ट्रायंगल की मिस्ट्री? जानिए इतिहास के बड़े हादसे और अमेरिकी वैज्ञानिकों की नई खोज का पूरा सच
499 रुपये थी एंट्री फीस
जानकारी के मुताबिक, इस फेक मैरिज पार्टी के लिए कपल एंट्री रखी गई थी और 499 रुपये फीस तय की गई थी. पार्टी में शामिल होने वालों के लिए दूल्हा-दुल्हन जैसा ड्रेस कोड अनिवार्य था. साथ ही डीजे नाइट और शादी से जुड़ी रस्मों की भी तैयारी की गई थी.
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद रिसोर्ट प्रबंधन ने गर्मी और मौसम का हवाला देते हुए फिलहाल इवेंट को स्थगित करने की घोषणा कर दी है. एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि अगर किसी आयोजन से सामाजिक या धार्मिक विवाद की स्थिति बनती है, तो प्रशासन कानून के अनुसार कार्रवाई करेगा. फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में है और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




