Bharat Express DD Free Dish

बकरीद से पहले मेरठ में सख्ती, एसपी सिटी ने गैंगस्टर सलमान के घर जाकर दी कड़ी चेतावनी

बकरीद से पहले मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है. फ्लैग मार्च के दौरान एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले गैंगस्टर सलमान के घर पहुंचे और परिवार को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर किसी ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो सख्त कार्रवाई होगी.

Edited by Radha Priya

Meerut Police: ईद-उल-अजहा से पहले मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई. इसी कड़ी में शहर में निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने न सिर्फ संवेदनशील इलाकों का दौरा किया, बल्कि एक कड़ा संदेश भी दिया. इस दौरान Vinayak Gopal Bhosale भारी पुलिस बल के साथ सीधे चर्चित गैंगस्टर सलमान के इस्माइल नगर स्थित घर तक पहुंच गए.

गैंगस्टर के परिवार को सख्त चेतावनी

फ्लैग मार्च के दौरान जब पुलिस टीम गैंगस्टर सलमान के घर पहुंची, तो वहां मौजूद उसके भाई आमिर को कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई. एसपी सिटी ने साफ कहा कि अगर किसी तरह कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश हुई या किसी तरह की गलत गतिविधि सामने आई, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी. यहां तक कि अवैध संपत्ति और गाड़ी तक को कुर्क करने की चेतावनी दी गई. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की इस सख्ती के बाद मौके पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए सन्नाटा पसर गया.

जिला बदर गैंगस्टर पर लगातार नजर

बताया जा रहा है कि गैंगस्टर सलमान फिलहाल जेल से बाहर है लेकिन उसे मेरठ जिले से जिला बदर किया गया है. इसके बावजूद पुलिस उसकी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी हाल में कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

शहर में बड़े स्तर पर फ्लैग मार्च

त्योहार से पहले सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए मेरठ जोन के एडीजी, रेंज के डीआईजी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया. इस दौरान Meerut के कई संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस बल पैदल गश्त करता नजर आया. फ्लैग मार्च हापुड़ अड्डा, लिसाड़ी गेट, भूमिया पुल, ब्रह्मपुरी रोड, गौरीपुरा चौकी, फुटबॉल चौक, रेलवे रोड, घंटाघर और सर्राफा बाजार जैसे इलाकों से होकर गुजरा.

ये भी पढ़ें- डबल मर्डर के आरोपी तस्कर ईशू पर योगी पुलिस का हंटर; मेरठ में 2.80 करोड़ का आलीशान मकान सील, अपराधियों में मचा हड़कंप

सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर

इस दौरान Avinash Pandey ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान बाजारों, यातायात व्यवस्था और भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया गया. साथ ही स्थानीय व्यापारियों, धर्मगुरुओं और आम लोगों से बातचीत कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई.

पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बकरीद के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी. शहरभर में निगरानी बढ़ा दी गई है और सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अफवाह या भड़काऊ पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई हो सके.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read